अर्थ प्रकाश की खबर पर लगी मुहर, पांचवीं बार पार्षद बने जितेंद्र पाठक बने नगर कौंसिल अध्यक्ष

Arth Prakash report confirmed

'Arth Prakash' report confirmed

कौंसिल खन्ना को मिला नया नेतृत्व, तरुणप्रीत सिंह सोंध ने जितेंद्र पाठक को बनाया प्रधान, हरीश गुप्ता सीनियर उप प्रधान, कर्मजीत सिंह वाइस प्रधान नियुक्त

खन्ना। 'Arth Prakash' report confirmed, केवल कृष्ण आखिरकार एक महीने बाद नगर कौंसिल खन्ना के अध्यक्ष पद को लेकर जिस नाम की सबसे ज्यादा चर्चा थी, आखिरकार उसी पर मुहर लग गई। पांचवीं बार पार्षद बने जितेंद्र पाठक को नगर कौंसिल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। 

खास बात यह रही कि 'अर्थ प्रकाश' ने पहले ही संकेत दे दिया था कि वरिष्ठता, अनुभव और संगठन में मजबूत पकड़ के चलते अध्यक्ष पद के सबसे प्रबल दावेदार जितेंद्र पाठक ही हैं, और अब यह अनुमान बिल्कुल सही साबित हुआ।

जितेंद्र पाठक नगर कौंसिल की राजनीति का अनुभवी चेहरा माने जाते हैं। लगातार पांचवीं बार पार्षद चुने जाने के साथ उन्होंने जनता का भरोसा कायम रखा है। वरिष्ठता के आधार पर भी अध्यक्ष पद के लिए उनका दावा सबसे मजबूत माना जा रहा था।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि शहर में उनकी अच्छी पकड़, सभी वर्गों के साथ तालमेल और लंबे सार्वजनिक जीवन का लाभ उन्हें इस जिम्मेदारी तक लेकर आया है। यही वजह रही कि पार्टी नेतृत्व ने भी अनुभव को प्राथमिकता देते हुए उनके नाम पर भरोसा जताया।

अब शहरवासियों की निगाहें इस बात पर हैं कि नए अध्यक्ष के नेतृत्व में नगर कौंसिल विकास के दावों को धरातल पर कितना उतार पाती है। वहीं, पदाधिकारियों की नियुक्ति के दौरान सामने आए कुछ राजनीतिक घटनाक्रम भी आने वाले समय में चर्चा का विषय बने रह सकते हैं।

AAP ने की पदाधिकारियों की घोषणा 
कौंसिल खन्ना को आखिरकार नया नेतृत्व मिल गया। आम आदमी पार्टी ने जितेंद्र पाठक को नगर कौंसिल का प्रधान, हरीश गुप्ता को सीनियर उप-प्रधान और करमजीत सेफ्टी को उप-प्रधान नियुक्त किया। 

इस मौके पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री एवं खन्ना के विधायक तरुणप्रीत सिंह सोंध ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया, उन्हें बधाई दी और मिठाई खिलाकर जिम्मेदारी संभालने की शुभकामनाएं दीं।

मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध ने सीनियर उप-प्रधान हरीश गुप्ता को प्रधान की सीट पर बैठाया और शुभकामनाएं देते हुए मुंह मीठा करवाया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रधान गुप्ता ने कहा कि वह पार्टी और मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से निभाएंगे। 

उन्होंने कहा कि मंत्री की इच्छा है कि खन्ना को ऐसा विकसित किया जाए कि दूर-दूर से लोग इसे देखने आएं और उसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए वे पूरी मेहनत करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी पद के लिए नहीं, बल्कि काम करने की राजनीति करती है।

वहीं नवनियुक्त प्रधान जितेंद्र पाठक ने पार्टी हाईकमान और मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध का आभार जताते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का एकमात्र उद्देश्य विकास है और इसकी शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मंत्री के मार्गदर्शन में शहर के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा। 
नगर कौंसिल के नए पदाधिकारियों की घोषणा के दौरान एक घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा छेड़ दी। जब मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध प्रधान, सीनियर उप-प्रधान और उप-प्रधान के साथ मीडिया को संबोधित कर रहे थे, उसी दौरान आम आदमी पार्टी के पार्षद राजेंद्र जीत, परमप्रीत सिंह, सुनील कुमार और गुरमेल सिंह काला मीटिंग हॉल से बाहर चले गए।

इतना ही नहीं, जब मंत्री सीनियर उप-प्रधान हरीश गुप्ता को उनकी सीट पर बैठाकर सम्मानित कर रहे थे, उस समय भी ये चारों पार्षद मौजूद नहीं थे। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि इन पार्षदों की नाराजगी की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इसकी वास्तविक वजह वही बता सकते हैं, लेकिन उनके अचानक कार्यक्रम से निकल जाने ने कई सवाल जरूर खड़े कर दिए।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध ने सभी पार्षदों, पार्टी कार्यकर्ताओं और शहरवासियों का धन्यवाद करते हुए खन्ना के विकास के लिए मिलकर काम करने की अपील की।