बठिंडा में एजीटीएफ और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक आरोपी को लगी गोली, चार गिरफ्तार
Encounter between AGTF and miscreants
बठिंडा। Encounter between AGTF and miscreants, पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और चार बदमाशों के बीच मंगलवार देर शाम को बठिंडा जिले में मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने पहले पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल समेत चारों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मौके से दो अवैध हथियार और दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं।
घायल आरोपित की पहचान गुरविंदर सिंह निवासी गांव रोड़ी के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए शहीद भाई मनी सिंह सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके साथियों की पहचान जश्नदीप सिंह निवासी गांव दुल्लेवाला, सुखचैन सिंह तथा गुरदीप सिंह निवासी गांव सलाबतपुरा जिला बठिंडा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार मुठभेड़ गांव जोगानंद के निकट सरहिंद नहर की पटरी पर हुई। एजीटीएफ को चारों आरोपितों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान पुलिस टीम की नजर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों पर पड़ी।
पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो आरोपितों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों की ओर से चलाए गए दो राउंड पुलिस वाहन पर लगे, लेकिन पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद एजीटीएफ ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें गुरविंदर सिंह के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया, जबकि उसके तीनों साथियों को भी मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक 9 एमएम ग्लाक पिस्तौल, एक .30 बोर पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारों आरोपित कई आपराधिक मामलों में वांछित हैं। पुलिस को शक है कि उनका संबंध जग्गा तख्त मल और बंबीहा गैंग से है। हालांकि गैंग कनेक्शन की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चारों आरोपितों ने एक दिन पहले गांव बुर्ज राजगढ़ के पास हुसनप्रीत सिंह निवासी गांव कांगड़ पर फायरिंग कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। आरोपित वारदात के बाद उससे करीब तीन हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे। इसी मामले में एजीटीएफ लगातार उनकी तलाश कर रही थी।
-1782829064291.jpeg)
मुठभेड़ के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपितों के खिलाफ थाना थर्मल में हत्या के प्रयास, पुलिस पर हमला, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में गैंग के अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और हाल के दिनों में हुई अन्य वारदातों के संबंध में महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।