Anmol Bishnoi Custody: गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को पंजाब लाने की तैयारी; सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में कस्टडी में लेना चाहती पंजाब पुलिस

गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को पंजाब लाने की तैयारी; सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में कस्टडी में लेना चाहती पंजाब पुलिस, अभी तिहाड़ जेल में बंद

Punjab Police Wants Custody Of Anmol Bishnoi In Sidhu Moosewala Murder Case

Punjab Police Wants Custody Of Anmol Bishnoi In Sidhu Moosewala Murder Case

Anmol Bishnoi Custody: NIA की गिरफ्त वाले गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को दिल्ली से पंजाब लाने की तैयारी की जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मानसा पुलिस सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में अनमोल बिश्नोई को पूछताक्ष के लिए अपनी कस्टडी में लेना चाहती है। मानसा पुलिस अनमोल को प्रोडक्शन वारंट पर दिल्ली से पंजाब लाने के लिए काम कर रही है। इसके लिए मानसा पुलिस दिल्ली कोर्ट में अर्जी लगाने पहुंची है। ज्ञात रहे कि अनमोल बिश्नोई खूंखार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई और लाडला है।

पंजाब पुलिस को कस्टडी मिलनी मुश्किल!

पिछले साल दिसंबर 2025 में गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय का एक अहम आदेश आया था। जिसमें कहा गया था कि 1 साल तक कोई भी पुलिस और एजेंसी अनमोल बिश्नोई को कस्टडी में नहीं ले सकेगी। दरअसल अनमोल बिश्नोई पर 303 BNS का ऑर्डर है। जिसमें किसी भी प्रोडक्शन ऑर्डर को स्टे मिल जाता है। ऐसे में अगर किसी पुलिस या एजेंसी को उनसे पूछताछ करनी हो तो वह केवल तिहाड़ जेल में ही जाकर कर सकती है। यह कदम सुरक्षा कारणों और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है।

गृह मंत्रालय के इस आदेश का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर असर न पड़े और आरोपी को किसी भी बाहरी खतरे से बचाया जा सके। दरअसल अनमोल बिश्नोई की जान को खतरा बताया गया है, उसे विरोधी गैंगस्टर निशाना बना सकते हैं। इससे पहले इसी तरह का का आदेश पहले अनमोल के बड़े भाई लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) पर भी लागू था, जो पिछले काफी समय से गुजरात की साबरमती जेल में बंद हैं।

अभी तिहाड़ जेल में बंद है अनमोल बिश्नोई

अनमोल बिश्नोई अभी दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है और उसे कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। अनमोल को पिछले साल 19 नवंबर 2025 को अमेरिका से डिपोर्ट कर भारत लाया गया था। NIA की टीम ने अमेरिका से अनमोल को अपनी कस्टडी में लिया था। भारत लाते ही उसे दिल्ली में पटियाला हाउस एनआईए कोर्ट में पेश किया गया। जहां से पहली बार उसे 11 दिनों की NIA हिरासत में भेजा गया था। बाद में अदालत ने उसकी हिरासत को 7 और दिनों के लिए बढ़ा दिया था। इसके बाद अनमोल बिश्नोई को न्यायिक हिरासत मे भेज दिया गया था। जिसमें सुरक्षा के चलते अनमोल विश्नोई की पेशी वीडियो कॉनफ्रेंसिंग के जरिए हुई थी।

NIA का मोस्ट वांटेड था

अनमोल बिश्नोई भारत में मोस्ट वांटेड था और NIA की हिट लिस्ट में था। अनमोल के खिलाफ ग़ैर ज़मानती वारंट जारी किया गया था। पिछले साल अक्तूबर में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अनमोल पर 10 लाख का इनाम भी घोषित किया था। एनआईए टीम लगातार अनमोल बिश्नोई की तलाश और गिरफ्तारी में लगी हुई थी। पिछले साल नवम्बर में ही अनमोल बिश्नोई को अमेरिका में कैलिफोर्निया के पास से गिरफ्तार किया गया। अनमोल का पकड़ा जाना सिर्फ अमेरिकी एजेंसियों के लिए सफलता नहीं थी बल्कि भारत के लिए बड़ी कामयाबी थी।

2022 से फरार था अनमोल

2022 में सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद अनमोल बिश्नोई भारत से अमेरिका फरार हो गया था। वह नाम और पहचान बदल भारत से अमेरिका पहुंचा था। इसके बाद उसने यहीं से अपने भाई लॉरेंस बिश्नोई के गैंग को रन करना शुरू किया। जांच में यह पाया गया है कि अनमोल बिश्नोई लॉरेंस गैंग और सिंडिकेट गैंगस्टरों के साथ भारत में विभिन्न वारदातों को अंजाम देने में शामिल रहा। वह नामित आतंकवादी और लॉरेंस के करीबी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के साथ मिलकर वारदातों की प्लानिंग करता था।

NIA के मुताबिक अनमोल ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के लिए अमेरिका से आतंकवादी सिंडिकेट चलाना और आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देना जारी रखा और इसके लिए उसने ज़मीनी स्तर पर गुर्गों का इस्तेमाल किया। जांच से पता चला कि अनमोल बिश्नोई गिरोह के शूटरों और ज़मीनी गुर्गों को आश्रय और हथियारों की सहायता प्रदान करता था। अनमोल अन्य गैंगस्टरों की मदद से अमेरिका की धरती से भारत में जबरन वसूली भी करता था। मार्च 2023 में एनआईए ने अनमोल के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी।

सलमान खान फायरिंग केस में आरोपी

अनमोल बिश्नोई के खिलाफ अगर हाई प्रोफाइल केस देखें तो उसका नाम मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला और बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में आता है और उस पर आरोप है कि उसने शूटरों को हथियार मुहैया कराये। इसके अलावा वह बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के आवास पर फायरिंग करवाने में शामिल रहा है। उस पर आरोप है कि उसने ही सलमान खान के घर पर फायरिंग के लिए शूटर हायर किए थे। जो उसके निर्देश पर सलमान खान की रेकी कर रहे थे। इसके अलावा NCP लीडर बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में अनमोल बिश्नोई सीधा आरोपी है। उसने ही बाबा सिद्दीकी की हत्या करवाई।

सलमान के घर गोलीबारी के बाद पोस्ट वायरल की

14 अप्रैल 2025 को बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर पर गोलीबारी करवाने के मामले में अनमोल ने सोशल मीडिया पर इस हमले की ज़िम्मेदारी ली थी। अनमोल का एक सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हुआ था। जिसमें कहा गया था कि ''सलमान खान हमने ये हमला तुम्हें सिर्फ ट्रेलर दिखाने के लिए किया था। ये हमारी पहली और आखिरी वार्निंग है। ताकि तुम समझ जाओ हमारी ताकत को और मत परखो। पोस्ट में आगे कहा गया था, "तुमने दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील को भगवान मान रखा है, बाकी ज्यादा बोलने की हमें आदत नहीं है।'' इसके बाद मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अनमोल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था।

लॉरेंस बिश्नोई गुजरात की जेल में बंद

अनमोल बिश्नोई का भाई गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई इस समय गुजरात की साबरमती जेल में बंद है। उसे यहां अन्य जेलों में गैंगवार की आशंका के चलते रखा गया है। इससे पहले सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद लॉरेंस बिश्नोई को पंजाब पुलिस दिल्ली की तिहाड़ जेल से बठिंडा जेल में भी रख चुकी है। इसके साथ ही लॉरेंस बिश्नोई नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की कस्टडी में भी रह चुका है। कस्टडी में रहते हुए पूछताक्ष के दौरान लॉरेंस बिश्नोई ने कई अहम खुलासे किए थे। लॉरेंस बिश्नोई और उसके गैंग ने सलमान खान को लगातार निशाने पर ले रखा है। जिसके बाद सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।