Punjab Police ASI Dead in Chandigarh: चंडीगढ़ में पंजाब पुलिस के ASI की गोली लगने से मौत; खून से लथपथ मिला

चंडीगढ़ में पंजाब पुलिस के ASI की गोली लगने से मौत; खून से लथपथ मिला, एक दिन पहले ही किराए पर मकान लिया था

 Punjab Police ASI Dead in Chandigarh

Punjab Police ASI Dead in Chandigarh

Punjab Police ASI Dead in Chandigarh: चंडीगढ़ में पंजाब पुलिस के एक ASI की गोली लगने से मौत हो गई। एएसआई खून से लथपथ पड़ा था। कहा जा रहा है कि, एएसआई ने खुद ही अपनी जान ली है। उसने अपनी सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारी। फिलहाल, घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस ने एएसआई का शव कब्जे में ले लिया है और आगे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया है। वहीं एएसआई की पहचान अवतार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि, पंजाब पुलिस का एएसआई अवतार पीछे से फगवाड़ा का रहने वाला था और एक कारोबारी की सुरक्षा में उसकी ड्यूटी लगी हुई थी।

एक दिन पहले ही किराए पर मकान लिया था

मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना मंगलवार रात की है। शहर के सेक्टर-39 स्थित एक मकान में पंजाब पुलिस के एएसआई अवतार को गोली लगने के बाद खून से लथपथ पाया गया। बताते हैं कि, अवतार ने यह मकान एक दिन पहले ही सोमवार को किराए पर लिया था। अवतार को यह मकान कारोबारी के मैनेजर ने किराए पर दिलवाया था। जहां मंगलवार रात को जब वह सेक्टर 39 स्थित इस  मकान में पहुंचा तो गोली लगने से उसकी मौत हो गई।

इधर एएसआई अवतार ने जब फोन कॉल पिक नहीं किए तो उसकी जानकारी ली गई और इस दौरान वह खून से लथपथ देखा गया और जिससे मौके पर हड़कंप मच गया आसपास के लोग इकट्ठे हो गए और सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। इधर, मौके पर पहुंची पुलिस खून से लथपथ एएसआई अवतार को फौरन सेक्टर 16 के अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने एएसआई के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के वक्त मकान में रहने वाला एक अन्य शख्स बाहर था

बताया जा रहा है कि, सेक्टर 39 स्थित जिस मकान में एएसआई अवतार गोली लगने के बाद खून से लथपथ मिला। वहां एक अन्य शख्स भी रहता था। लेकिन कहा जा रहा है कि जिस वक्त यह घटना घटी उस वक्त वह मकान के बाहर घूम रहा था। इसलिए पुलिस घटना को लेकर हर एंगल से जांच कर रही है। फिलहाल, पुलिस को पोस्टमार्टम का रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस ने एएसआई के परिजनों को सूचित कर दिया है। पुलिस का कहना है कि, जांच के साथ आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

रिपोर्ट- रंजीत शम्मी