नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारी पूरी, कल प्रधानमंत्री मोदी जनता को करेंगे समर्पित
PM Modi Jewar Airport Inauguration
नोएडा: PM Modi Jewar Airport Inauguration: उत्तर प्रदेश के विकास को एक नई उड़ान मिलने वाली है. जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब पूरी तरह बनकर तैयार है. पीएम नरेंद्र मोदी कल, 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे, जिसे लगभग 11,200 करोड़ रुपये के निवेश से बनाया गया है.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एक मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के तौर पर प्लान किया गया है, जिसमें सड़क, रेल, मेट्रो और क्षेत्रीय परिवहन प्रणालियों के बीच बिना किसी रुकावट के जुड़ाव होगा. एयरपोर्ट में एक मल्टी-मॉडल कार्गो हब भी शामिल है, जिसे सालाना 2.5 लाख मीट्रिक टन से ज़्यादा कार्गो संभालने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिसे बढ़ाकर लगभग 18 लाख मीट्रिक टन तक किया जा सकता है.
PMO के अनुसार, एयरपोर्ट की शुरुआती यात्री संभालने की क्षमता सालाना 12 मिलियन यात्री (MPPA) होगी, जिसे बढ़ाकर 70 मिलियन यात्री MPPA तक किया जा सकता है. पीएम शनिवार दोपहर 11:30 से 12:00 बजे के बीच जेवर पहुंचेंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे.
पीएम मोदी ने ट्वीट किया, "कल, 28 मार्च का दिन उत्तर प्रदेश और NCR के लोगों के लिए बहुत ज़्यादा महत्व का दिन है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया जाएगा. इससे व्यापार और कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा. इससे दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर भीड़ कम होगी. नोएडा एयरपोर्ट हमारे देश के अहम ग्रीनफ़ील्ड प्रोजेक्ट्स में से एक है. यात्री सेवाओं के अलावा, यहाँ एक मज़बूत कार्गो इकोसिस्टम भी होगा, जिससे लॉजिस्टिक्स सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा."
बता दें कि यह पूरा प्रोजेक्ट PPP (Public-Private Partnership) मॉडल पर आधारित है. फिलहाल इसका प्रथम चरण पूरा हुआ है. यह चारों चरणों में बनकर तैयार होगा. कल के उद्घाटन के बाद, पहले चरण में देश के 12 बड़े शहरों के लिए उड़ानें शुरू होंगी. जिनमें मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, कानपुर और लखनऊ शामिल हैं. भविष्य में इन शहरों की संख्या बढ़ाकर 47 कर दी जाएगी. यात्रियों के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि अप्रैल के मध्य से कमर्शियल फ्लाइट्स की बुकिंग भी शुरू हो जाएगी.
सुरक्षा के लिए अभेद्य किला तैयार
प्रशासन ने सुरक्षा में 7,000 पुलिसकर्मियों और 300 CCTV कैमरों का अभेद्य किला तैयार किया है. एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा का घेरा बनाया गया है. भारी वाहनों के लिए शनिवार सुबह 7 से 11 बजे तक एक्सप्रेस-वे पर नो-एंट्री रहेगी.
जेवर एयरपोर्ट निवेशकों के लिए बनेगा 'गेटवे'
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि यह एयरपोर्ट दुनिया भर के निवेशकों के लिए 'गेटवे' बनने जा रहा है. उन्होंने कहा कि कल प्रधानमंत्री मोदी जिस एयरपोर्ट का फीता काटेंगे, वह आने वाले समय में लाखों रोजगार और अरबों डॉलर के निवेश का केंद्र बनेगा. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट न केवल दिल्ली-NCR का बोझ कम करेगा, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भी मील का पत्थर साबित होगा.