PM Surya Ghar Yojana: मार्च 2027 तक उठाएं मुफ्त बिजली योजना का लाभ, जानिए आवेदन प्रक्रिया और सब्सिडी की पूरी जानकारी
PM Surya Ghar Yojana: Avail free electricity scheme
सासाराम (रोहतास)। पीएम सूर्य घर योजना (PM Surya Ghar Yojana) का लाभ लेने की अंतिम तिथि मार्च 2027 तक है। यह जानकारी अधीक्षण अभियंता इंद्रदेव कुमार ने दी है।
उन्होंने आम उपभोक्ताओं को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने और बिजली खर्च में राहत देने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत उपभोक्ता अपने घरों में सोलर पैनल स्थापित कर न केवल बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी ला सकते हैं, बल्कि लंबे समय तक मुफ्त बिजली का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सोलर संयंत्र लगाने पर आकर्षक अनुदान (सब्सिडी) उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ काफी कम हो जाएगा। इसका लाभ लेने की अंतिम तिथि मार्च 2027 निर्धारित की गई है।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि 80 हजार से दो लाख रुपये तक खर्च होंगे। सोलर पैनल से उत्पादित बिजली का उपयोग घरेलू कार्यों में किया जा सकता है। यदि बिजली उत्पादन उपभोक्ता की आवश्यकता से अधिक होता है, तो अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर बिजली बिल में समायोजित कराया जा सकता है।
एक किलोवाट के लिए 100 वर्गफुट चाहिए स्थल
सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रति किलोवाट लगभग 100 वर्गफुट स्थान की आवश्यकता होती है। उचित रखरखाव के साथ सोलर पैनल लगभग 25 वर्षों तक कार्य कर सकता है। इससे न केवल बिजली बिल में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।
ऑनलाइन देना है आवेदन
उपभोक्ता ऑनलाइन आवेदन कर इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन के लिए स्मार्ट प्रीपेड मीटर कनेक्शन, आधार कार्ड, बैंक खाता एवं मोबाइल नंबर आवश्यक होंगे। वहीं, ऋण लेने की स्थिति में पैन कार्ड और ईमेल आईडी भी जरूरी होगी।
आवेदन समर्पित करने में समस्या उत्पन्न होने पर संबंधित विद्युत आपूर्ति प्रमंडल कार्यालय में सुविधा काउंटर के माध्यम से निशुल्क आवेदन कर सकते हैं।
यह भी जानें
- सात प्रतिशत ब्याज पर मिल जाएगा दो लाख तक ऋण
- ऋण वसूली शहरी क्षेत्रों में चार से पांच वर्ष तथा ग्रामीण क्षेतों में सात से आठ वर्ष
150 यूनिट प्रतिमाह खपत वाले एक किलोवाट का लगवा सकते हैं संयंत्र
150 यूनिट प्रतिमाह तक बिजली खपत वाले उपभोक्ताओं के लिए एक किलोवाट, 300 यूनिट तक खपत वालों के लिए दो किलोवाट तथा 300 यूनिट से अधिक खपत करने वाले उपभोक्ताओं के लिए तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता का सोलर संयंत्र उपयुक्त माना गया है।
| क्षमता (Capacity) | अनुदान राशि (Subsidy Amount) |
|---|---|
| एक किलोवाट (1 kW) | ₹30,000 |
| दो किलोवाट (2 kW) | ₹60,000 |
| तीन किलोवाट या उससे अधिक (3 kW or more) | ₹78,000 |