केरल का नाम अब 'केरलम' होगा; सेवा तीर्थ में केंद्र सरकार की पहली कैबिनेट मीटिंग, 12 हजार करोड़ से ज्यादा के फैसले मंजूर किए गए
PM Modi Govt approves renaming Kerala as Keralam in Cabinet Meeting
Kerala New Name Keralam: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज मंगलवार को केंद्र सरकार की कैबिनेट मीटिंग हुई। खास बात ये है कि नए प्रधानमंत्री कार्यालय 'सेवा तीर्थ' (Sewa Tirth) में मोदी सरकार की यह पहली कैबिनेट बैठक थी। इस बैठक में 12 हजार करोड़ से ज्यादा के कई बड़े फैसले मंजूर किए गए। ये फैसले रेल-मेट्रो और एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स व पावर सेक्टर पॉलिसी सहित अहम कामों से संबन्धित हैं। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस वार्ता करते हुए मीटिंग में मंजूर किए गए सभी फैसलों की जानकारी दी।
केरल का नाम अब 'केरलम' होगा
वहीं केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि केंद्र सरकार की इस कैबिनेट मीटिंग में केरल का नाम बदलकर 'केरलम' (Kerala Name Changed) करने के फैसले को मंजूरी दे दी गई है। जिससे केरल का नया नाम अब केरलम होगा। बता दें कि केरल विधानसभा पहले ही इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर चुकी है और अब केंद्र सरकार ने भी केरल सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। विधानसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार का यह बड़ा फ़ैसला है। केरल में अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।
इधर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि केरल का नाम बदलकर केरलम करने के अलावा जो अन्य महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं, उनमें गोंदिया से जबलपुर रेलवे लाइन को डबल करना, बिहार में पुनरक से तीसरी और चौथी रेलवे लाइन, घमरिया से झारखंड में चांडिल तक तीसरी और चौथी रेलवे लाइन और श्रीनगर में एक नया इंटीग्रेटेड एयरपोर्ट टर्मिनल, अहमदाबाद मेट्रो का विस्तार और कच्चे जूट का MSP देना शामिल है। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह आज सेवा तीर्थ में पहली बैठक थी, जिसमें 12,236 करोड़ रुपये के फैसले मंजूर किए गए।
PM मोदी के नेतृत्व में सरकार ने अभूतपूर्व काम किया
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, भारत के इतिहास में यह एक बहुत बड़ी बात है की प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में NDA सरकार निरंतर अपने ठोस संकल्प और गति के साथ काम कर रही है। PM मोदी के नेतृत्व में चाहें 2014 का कार्यकाल हो, 2019 का हो या फिर अब 2024 का... तीनों ही कार्यकाल में सरकार ने अभूतपूर्व काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार विकास का काम करती रहेगी।