Rahul Gandhi in Assam| असम में राहुल गांधी पर केस दर्ज करने का आदेश; CM बिस्वा ने DGP को कहा, भीड़ को उकसाने का आरोप

असम में राहुल गांधी पर केस दर्ज करने का आदेश; CM बिस्वा ने DGP को कहा, भीड़ को उकसाने और पुलिस जवानों पर हमले का आरोप

Order To Register Case Against Rahul Gandhi in Assam

Order To Register Case Against Rahul Gandhi in Assam

Rahul Gandhi in Assam: कांग्रेस की 'भारत न्याय यात्रा' इन दिनों असम में है और इस बीच गुवाहाटी में होने के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर केस दर्ज करने का आदेश जारी हो गया है। राहुल गांधी पर असम में भीड़ को उकसाने और पुलिस जवानों पर हमला कराने का आरोप है। असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने पुलिस डीजीपी को राहुल गांधी पर केस दर्ज करने का आदेश दिया है। जिसकी जानकारी सीएम बिस्वा ने ट्वीट करके दी है।

सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस के एक नेता की ट्विटर प्रोफ़ाइल पर अपलोड किए गए गए वीडियो को रीपोस्ट किया और लिखा- ये असमिया संस्कृति का हिस्सा नहीं हैं। हम एक शांतिपूर्ण राज्य हैं। ऐसी "नक्सली रणनीति" हमारी संस्कृति से पूरी तरह अलग हैं। मैंने असम पुलिस के डीजीपी को भीड़ को उकसाने के लिए आपके नेता राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज करने और आपके द्वारा अपने हैंडल पर पोस्ट किए गए फुटेज को सबूत के रूप में उपयोग करने का निर्देश दिया है। इस अनियंत्रित व्यवहार और सहमत दिशानिर्देशों के उल्लंघन के परिणामस्वरूप गुवाहाटी में बड़े पैमाने पर ट्रैफिक जाम हो गया है।

सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने आगे कहा कि प्रमाण सामने आ रहे हैं कि किस प्रकार से राहुल गांधी और जितेंद्र सिंह ने भीड़ को असम पुलिस के जवानों को मारने के लिए भड़काया। हमारे जवान जनता के सेवक हैं, किसी शाही परिवार के नहीं। निश्चिंत रहिए, क़ानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं, आप तक जरूर पहुंचेंगे।

दरअसल, कांग्रेस की 'भारत न्याय यात्रा' आज असम के गुवाहाटी में थी। जहां इसी दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। राहुल गांधी के सामने ही भीड़ ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ्ने की कोशिश की। पुलिस ने जब कार्यकर्ताओं को ज़ोर-जबरदस्ती रोकना चाहा तो फिर दोनो पक्षो में झड़प हो गई।

राहुल गांधी ने कहा- असम CM सबसे भ्रष्ट

'भारत न्याय यात्रा' लेकर राहुल गांधी जबसे असम पहुंचे हैं, वह तबसे लगातार सीएम हिमंत बिस्वा पर हमला कर रहे हैं। राहुल गांधी ने सीएम हिमंत बिस्वा को सबसे भ्रष्ट और भ्रष्टाचारी सीएम बताया है। राहुल गांधी ने कहा कि, सीएम हिमंत बिस्वा का परिवार भी भ्रष्टाचारी है। राहुल गांधी का कहना है कि, जब भी मैं असम राज्य में आता हूं तो लोग मुझसे कहते हैं- यहां बड़े पैमाने पर बेरोजगारी, बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, बड़े पैमाने पर महंगाई है, किसानों की हालत खराब है... इस राज्य में किसी भी युवा को नौकरी नहीं मिल सकती है। ये वे मुद्दे हैं जो हम उठा रहे हैं और हम इसमें बहुत सफल हो रहे हैं।

ये मुझे डराने का तरीका

अपने ऊपर केस दर्ज होने को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि असम के सीएम यात्रा के लिए जो कर रहे हैं इससे यात्रा को फायदा हो रहा है। असम में मुख्य मुद्दा यात्रा बन चुकी है... मेरे खिलाफ या 'भारत न्याय यात्रा' के खिलाफ जो भी हो रहा है। वो सिर्फ डराने का तरीका है... लेकिन हम नहीं डरने वाले।  हमारा न्याय का संदेश गांव-गांव में जा रहा है क्योंकि जनता पूछ रही है कि ये क्या हो रहा है?...साफ है कि विपक्ष की लड़ाई कौन लड़ रहा है।

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा- साजिश की जा रही

वहीं कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री पिछले कुछ दिनों से एक ऐसा माहौल बना रहे हैं कि पदयात्रा में राहुल गांधी को चोट पहुंचे... पिछले दिनों असम में राहुल गांधी पर हमला करने की कोशिश की गई। इसका मतलब है कि असम के मुख्यमंत्री द्वारा साजिश की जा रही है... लेकिन असम की जनता हमारा स्वागत कर रही है। गोगोई ने कहा कि बीजेपी जो कर रही है, उससे वो हमें और ताकत दे रही है और उसे इसका एहसास नहीं है। भाजपा सरकार जितना अत्याचार करेगी, जितनी पाबंदी लगाएगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा उतनी और शक्तिशाली होगी।

67 दिनों में 85 जिलों को कवर करेगी 'भारत न्याय यात्रा'

राहुल गांधी के नेतृत्व में 'भारत न्याय यात्रा' 14 जनवरी को मणिपुर के इंफाल से शुरू हुई है और यह यात्रा 67 दिनों में 20 मार्च को मुंबई जाकर खत्म होगी। इस बीच 'भारत न्याय यात्रा' देश के 14 राज्यों और 85 जिलों को कवर कर रही है। यह यात्रा 6 हजार 200 किलोमीटर लंबी होगी। 'भारत जोड़ो यात्रा' के दूसरे चरण में 'भारत न्याय यात्रा' की जा रही है।