इतने बेबाक तेवर, 13 साल के बच्चे ने DM को हैरत में डाला; अकेले ही फरियाद लेकर पहुंचा, बोला- करवा देंगे नहीं, करवा दीजिए… वीडियो
Lakhimpur Kheri Child Approaches DM Anjani Kumar Singh Conversation Video Viral
Lakhimpur Kheri Child Approaches DM: जहां कई लोग डीएम के आगे खड़े होकर ठीक से बोलने की हिम्मत तक नहीं कर पाते तो वहीं एक 13 साल के बच्चे के सामने खुद डीएम साहब ही हैरत में पड़ गए. दरअसल मामला उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले का है. जहां क्लास 8 में पढ़ने वाला 13 वर्षीय एक बच्चा अकेले ही अपनी फ़रियाद लेकर सीधे डीएम के पास पहुंच गया. तहसील दिवस पर लोगों की शिकायतें सुन रहे डीएम साहब पहले तो इतने छोटे बच्चे के अकेले फ़रियाद लेकर आने पर चौंके और इसके बाद डीएम साहब तब और हतप्रभ रह गए जब इस बच्चे के बोलने का बेबाक अंदाज देखा.
बच्चे ने अपने घर के हिस्से पर लगे ताले को खुलवाने की मांग की
यह बच्चा जब लखीमपुर खीरी के DM अंजनी कुमार सिंह के पास पहुंचा तो उसने अपनी फ़रियाद में बताया कि उसके मां-बाप के हिस्से वाले घर पर दबंगई से परिवार वालों ने ताला लगा रखा है. यहां बच्चे ने अपने परिवार की गरीबी का भी जिक्र किया. बच्चे ने DM को पूरा मामला बताया और मांग की कि सर ताला खुलवा दीजिए. बच्चा जिस तरह से डीएम के सामने अपनी बात रख रहा था. जिस बेबाक तेवर और हाजिरजवाबी से उसने बातचीत की. उसने डीएम को तुरंत एक्शन लेने को मजबूर कर दिया. जिसके बाद डीएम ने सम्बंधित इलाके के थानाध्यक्ष को बुलाकर बच्चे का काम करने का निर्देश दिया.
बच्चा बोला- करवा देंगे नहीं, करवा दीजिए…
जब DM अंजनी कुमार सिंह ने थानेदार को बच्चे का काम करने के लिए कहा तो बच्चे ने इस बीच तपाक से जवाब दिया कि सर 'थानाध्यक्ष को एक बात कह दीजिए कि 'ताला खुलवा दें, ये बार-बार आना-जाना न पड़े...' इसके बाद जब डीएम थानाध्यक्ष को बच्चे की समस्या बता रहे थे तो इस पर थानाध्यक्ष ने जब कहा, 'करवा देंगे सर.' जिसके बाद बच्चा फिर से बोला, 'करवा देंगे नहीं, करवा दीजिए…' यही नहीं बच्चे ने डीएम के सामने हिम्मत और साफ़गोई से पुलिस-प्रशासन के काम करने के तौर तरीक़ों की बखिया भी उधेड़ी.
बच्चे ने चुटीले अंदाज में यह तक कह दिया कि 'आपका क्या है, बस टोपी लगाकर चल देते हैं, ताला खुलता ही नहीं कभी.' हम तो गरीब है क्या पता आपको दिक्कत.' आप लोगों को क्या है, थोड़ा सा कमीशन दे दो बस हो गया...'. इसके बाद DM अंजनी कुमार सिंह ने बच्चे से ज्यादा न बोलने और पढ़ाई की ओर ज्यादा ध्यान देने को कहा तो बच्चे ने यहां भी उल्टा डीएम को ही घेर लिया. बच्चे ने कहा कि 'हम गरीब हैं घर में तंगी पड़ी है. कायदे से सब्जी तो आती नहीं. कहां से पढ़ लेंगे, क्या आप अपनी सैलरी से हमें पढ़ा देंगे?'
देखें पूरा वीडियो
लोग बोले- बच्चा निडर और बेबाक है
बच्चे के बोलने के बेबाक अंदाज को देखकर जहां डीएम-SP समेत तमाम आलाधिकारी दंग रह गए तो वहीं लोग भी बच्चे की बेबाकी की सराहना करने से खुद को रोक नहीं पाए. इस बच्चे का नाम अमिताभ गुप्ता है. लोगों ने कहा कि, दीवार फिल्म के अमिताभ बच्चन जैसा बच्चे का एटीट्यूड है. लोगों ने कहा कि माना कि बच्चा ज़्यादा बोल रहा था लेकिन उसने कुछ गलत तो नहीं कहा... वहीं कई लोगों का कहना है कि बच्चे में बहुत एनर्जी है, इस बच्चे कि मदद की जाए ताकि आगे चलकर ये देश का नाम रोशन कर सके.