Odisha Train Accident: तो इस वजह से हुआ ओडिशा में भयानक ट्रेन हादसा; सब पता लग गया, जिम्मेदारों की भी हुई पहचान

तो इस वजह से हुआ ओडिशा में भयानक ट्रेन हादसा; सब पता लग गया, जिम्मेदारों की भी हुई पहचान, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को सुनिए

Odisha Train Accident Latest Updates

Odisha Train Accident Latest Updates

Odisha Train Accident Latest Updates: ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार देर शाम तीन ट्रेनों के साथ हुए भयानक हादसे के पीछे की वजह सामने आ गई है। इतना भयानक हादसा कैसे हुआ? इसकी जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि, रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने हादसे की जांच की है और हादसे के कारण का पता लग गया है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान भी कर ली गई है। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग में बदलाव के कारण यह हादसा हुआ है।

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि, जांच की पूरी रिपोर्ट मिलते ही हादसे के जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ भारत सरकार द्वारा सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। बतादें कि, तीन ट्रेनों के इस हादसे में 300 के करीब लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। जबकि 1000 के करीब लोग घायल हैं और अस्पतालों में भर्ती हैं। घायलों से पीएम मोदी मुलाकात कर चुके हैं। बीते शनिवार को पीएम मोदी बालासोर पहुंचे थे और हादसे का जायजा लेते हुए घायलों से मिले थे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हादसे के संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात कर लगातार जानकारी ले रहे हैं।

अपनी निगरानी में बहाली कार्य करवा रहे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

बतादें कि, हादसे के बाद से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बालासोर में ही हैं। वह हादसे की सूचना के बाद बालासोर पहुंच गए थे और हादसे का जायजा लिया था और इसके साथ ही राहत-बचाव कार्य में तेजी के निर्देश दिए थे। अश्विनी वैष्णव के साथ केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद रहे। जो कि अभी भी मौजूद हैं। अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की निगरानी में क्षतिग्रस्त ट्रैक्स को बहाल करने का काम चल रहा है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि, जितनी जल्दी हो सके सामान्य स्थिति स्थापित करना हमारी जिम्मेदारी है। बताया जा रहा है कि, 1000 से ज्यादा लोग ट्रैक्स बहाली के काम पर लगे हुए हैं। इसके साथ ही कई मशीनें भी काम पर लगी हैं।

घायलों को देखने दिल्ली AIIMS से पहुंचे डॉक्टर

आपको बतादें कि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया भी भुवनेश्वर पहुंचे हुए हैं और उन्होंने यहां घायलों को अच्छी से अच्छी चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए दिल्ली AIIMS, RML अस्पताल सभी जगह से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम एयर फोर्स के विशेष विमान द्वारा बुला ली है। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया बालासोर ट्रेन हादसे में घायल लोगों के इलाज के संबंध में भुवनेश्वर एम्स के वरिष्ठ डॉक्टरों और अधिकारियों के साथ बैठक भी कर रहे हैं।

मृतकों के शवों को AIIMS भुवनेश्वर में लाया गया

बालासोर ट्रेन हादसे के मृतकों के शवों को AIIMS भुवनेश्वर में लाया गया है। भुवनेश्वर DCP प्रतीक सिंह ने बताया कि, AIIMS में सबसे बड़ा सेंटर है जहां करीब 100 शवों को रखा जा सकता है और अन्य शवों को अन्य अस्पतालों में रखा जाएगा। सारे शवों की तस्वीर लेकर एक डेटाबेस तैयार किया जा रहा है जिससे शवों के परिचित लोग हेल्प डेस्क पर फोटो देखकर पता लगा सकें कि उनको कौन से अस्पताल जाना है।