BCCI New President: मिथुन मन्हास बने BCCI के नए अध्यक्ष; पूर्व घरेलू क्रिकेटर रहे, जम्मू-कश्मीर से ताल्लुक रखते
BREAKING

मिथुन मन्हास बने BCCI के नए अध्यक्ष; पूर्व घरेलू क्रिकेटर रहे, जम्मू-कश्मीर से ताल्लुक रखते, अब संभालेंगे बड़े पद की जिम्मेदारी

Mithun Manhas Became New President of BCCI Breaking News

Mithun Manhas Became New President of BCCI Breaking News

BCCI New President: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI को नया अध्यक्ष मिल गया है। मिथुन मन्हास (45 साल) BCCI के नए अध्यक्ष बने हैं। वह इस पद पर सर्वसम्मति से और निर्विरोध चुने गए। बतौर बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास रोजर बिन्नी की जगह लेंगे। रोजर बिन्नी को अक्टूबर 2022 में BCCI अध्यक्ष चुना गया था। वहीं बिन्नी के हटने के बाद अब भारतीय क्रिकेट की बागडोर मिथुन मन्हास के हाथों में होगी। देखना यह होगा कि वह किस तरह अपने अनुभव से भारतीय क्रिकेट को नई दिशा देते हैं। बता दें कि BCCI अध्यक्ष का कार्यकाल अधिकतम तीन साल का होता है।

राजीव शुक्ला फिर BCCI उपाध्यक्ष बने

वहीं मिथुन मन्हास के अलावा BCCI के अन्य पदाधिकारियों में राजीव शुक्ला को फिर से एक बार उपाध्यक्ष बनाया गया है। जबकि देवजीत सैकिया बीसीसीआई सचिव होंगे। इसके अलावा ए रघुराम भट्ट कोषाध्यक्ष और प्रभतेज सिंह भाटिया BCCI के संयुक्त सचिव बनाए गए हैं। वहीं अरुण ठाकुर IPL अध्यक्ष होंगे। हालांकि, अगर राजीव शुक्ला की बात करें तो शुक्ला का नाम BCCI अध्यक्ष पद के लिए काफी चर्चा में आया था और उन्हें संभावित BCCI अध्यक्ष माना जा रहा था।

जम्मू-कश्मीर से ताल्लुक रखते मिथुन मन्हास

BCCI के नए अध्यक्ष मिथुन मन्हास के बारे में अगर बात की जाये तो वह जम्मू-कश्मीर से ताल्लुक रखते हैं। वह जम्मू-कश्मीर से पहले ऐसे क्रिकेटर हैं जो BCCI अध्यक्ष बने हैं। इसके अलावा बीसीसीआई अध्यक्ष बनने वाले वह ऐसे पहले क्रिकेटर भी होंगे, जो इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेले। दरअसल, मिथुन मन्हास पूर्व घरेलू क्रिकेटर रहे हैं. वह घरेलू क्रिकेट में अच्छा-खासा नाम हैं। वह दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के लिए खेले हैं, साथ ही उन्हें क्रिकेट कोचिंग और क्रिकेट प्रशासन का अच्छा अनुभव है।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दी बधाई

मिथुन मन्हास को BCCI का नया अध्यक्ष बनाए जाने पर जम्मू-कश्मीर से केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बधाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ''जश्न मनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर! मिथुन मन्हास को आधिकारिक तौर पर 'भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड' BCCI का नया अध्यक्ष घोषित किया गया है। जम्मू और कश्मीर के सबसे दूरस्थ इलाकों में से एक, पूर्व डोडा ज़िले के लिए यह रविवार कितना सौभाग्यशाली रहा, जो संयोग से मेरा अपना गृह ज़िला भी है। कुछ ही घंटों के अंतराल में, पहले किश्तवाड़ की एक बेटी शीतल विश्व चैंपियन बनकर उभरी और उसके तुरंत बाद भद्रवाह का एक बेटा मिथुन शीर्ष पर पहुँच गया।''