असम में भारतीय वायु सेना का विमान क्रैश, आग लगी; जोरहाट एयर फ़ोर्स स्टेशन के पास हादसा, दूर तक धुएं का गुबार दिखा, वीडियो
Indian Air Force Plane Crash In Assam Near Jorhat IAF Station
Indian Air Force Plane Crash: असम में भारतीय वायु सेना का विमान क्रैश हो गया। शनिवार सुबह असम के जोरहाट एयर फ़ोर्स स्टेशन के पास ही यह बड़ा हादसा हुआ। मिली जानकारी के मुताबिक, यह वायु सेना का AN-32 कार्गो विमान था। विमान के क्रैश होते ही उसमें विस्फोट के साथ तेज आग लग गई। जिसमें विमान के चीथड़े उड़ गए। हालांकि विमान हादसे में हताहतों और दुर्घटना के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का अभी इंतजार है।
मौके पर राहत-बचाव कार्य में लगे एयर फोर्स के जवान
विमान क्रैश के तुरंत बाद ही मौके पर एयर फोर्स के जवानों ने राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया था। विमान में लगी आग को बुझाने का काम किया गया। जानकारी के मुताबिक, लैंडिंग के दरमियान वायु सेना का AN-32 विमान अचानक हादसे का शिकार हुआ और उसमें आग लग गई। विमान को बहुत भारी नुकसान पहुंचा है और पायलट के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक भारतीय वायुसेना की ओर से हताहतों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वीडियो
विमान हादसे पर भारतीय वायु सेना का बयान
असम में हुए विमान हादसे को लेकर भारतीय वायु सेना ने बयान जारी किया है। वायु सेना ने अपने आधिकारिक बयान में कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी की बात कही है। हालांकि बयान में जानी नुकसान को लेकर जानकारी नहीं दी गई। भारतीय वायु सेना ने कहा, "आज जोरहाट में लैंडिंग के दौरान IAF के An-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की वजह का पता लगाने के लिए एक कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी की निर्देश दिया गया है।" बता दें कि दुर्घटनाग्रस्त हुआ AN-32 विमान भारतीय वायुसेना की 43 स्क्वाड्रन से संबद्ध बताया जाता है। इस विमान का उपयोग माल परिवहन के तौर किया जाता है।
