चुराह में सनसनी, शव मिलने के बाद परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
- By Gaurav --
- Sunday, 14 Jun, 2026
Suspicious Death Sparks Protest
चम्बा: जिला चम्बा के चुराह क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर स्थित कल्हेल पुल के नीचे एक 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए सड़क पर चक्का जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने कल्हेल पुल के नीचे एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
बाद में मृतक की पहचान हरविन्द्र सिंह पुत्र ऋषि निवासी गांव राख मलोगा, डाकघर कल्हेल, तहसील चुराह के रूप में हुई। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि हरविन्द्र की साजिश के तहत हत्या की गई है और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जानी चाहिए। 
आक्रोशित परिजनों ने अपनी मांगों को लेकर चम्बा-तीसा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को शांत करने के लिए पुलिस अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया। विशेषज्ञों ने मौके का निरीक्षण कर विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।