देशव्यापी साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़, 'म्यूल' बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 10 आरोपी गिरफ्तार
- By Gaurav --
- Tuesday, 16 Jun, 2026
Delhi Police Busts Nationwide
दिल्ली पुलिस ने देश भर में साइबर अपराधियों को 'म्यूल' (कमीशन पर उपलब्ध कराए जाने वाले) बैंक खाते मुहैया कराने में शामिल एक बड़े संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजीव कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई केरल की रहने वाली एक महिला से हुई दो लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी की शिकायत की जांच के दौरान की गई।
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि धोखाधड़ी की रकम एक ऐसे बैंक खाते में जमा की गई थी, जिसका इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी से जुड़े पैसों के लेनदेन के लिए किया जा रहा था।
कुमार ने बताया कि गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने वित्तीय और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बेरोजगार और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को नौकरी का झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद वे एटीएम कार्ड, चेक बुक, पंजीकृत मोबाइल नंबर और इंटरनेट बैंकिंग से जुड़ी जानकारी अपने कब्जे में ले लेते थे।
जांच में सामने आया कि इन खातों और बैंकिंग सुविधाओं का इस्तेमाल साइबर अपराधियों द्वारा ऑनलाइन ठगी के पैसों के लेनदेन के लिए किया जाता था।
डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय कुमार, प्रदीप कुमार, यतेंद्र कुमार, मुकेश, विनेश, गुरबाज सिंह, अमन, सूरज यादव, गौरव नाहर और लक्ष्मण के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 पीओएस मशीनें, विभिन्न बैंकों की 27 चेक बुक, 17 एटीएम कार्ड और 12 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह से जुड़े अन्य साइबर अपराधियों और धोखाधड़ी से लाभ उठाने वाले लोगों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।