सोनीपत में सीएम फ्लाइंग का बड़ा खुलासा, पोल्ट्री फार्म से 400 पेटी अवैध शराब बरामद
- By Gaurav --
- Tuesday, 16 Jun, 2026
CM Flying Busts Illegal Liquor
सोनीपत में सीएम फ्लाइंग की छापेमारी ने अवैध शराब के एक बड़े खेल का पर्दाफाश कर दिया है। शुगर मिल के सामने स्थित मलिक पोल्ट्री फार्म पर की गई कार्रवाई के दौरान करीब 400 पेटियां अवैध शराब बरामद की गई हैं। बरामद शराब आठ अलग-अलग ब्रांडों की बताई जा रही है।
इतनी बड़ी मात्रा में शराब का जखीरा मिलने के बाद आबकारी विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर 400 पेटियों की यह खेप कब से यहां रखी हुई थी और संबंधित विभागों को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी।
छापेमारी के दौरान बरामद शराब की पेटियों पर किसी भी प्रकार का होलोग्राम नहीं मिला। प्रारंभिक जांच में इस खेप की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग और सिविल लाइन थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी, इसे किस नेटवर्क के जरिए यहां रखा गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।