India Government Ban Telegram: सरकार का NEET-UG एग्जाम के चलते बड़ा कदम; Telegram पर लगाई रोक

सरकार का NEET-UG एग्जाम के चलते बड़ा कदम; Telegram पर लगाई रोक, भारत में लोग एक्सेस नहीं कर पाएंगे, बंद रहेगा

India Government Ban Telegram Due To NEET UG 2026 Re-Exam 21 June

India Government Ban Telegram Due To NEET UG 2026 Re-Exam 21 June

India Government Ban Telegram: NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा में पेपर लीक फिर से न होने पाए, इसके लिए सरकार कड़े कदम उठा रही है। जहां इसी कड़ी में सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। भारत में नीट परीक्षा पूरी तरह खत्म होने तक Telegram पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। टेलीग्राम प्लेटफ़ॉर्म पर यह रोक अस्थाई है। एक तय समयसीमा के लिए भारत में लोग टेलीग्राम प्लेटफ़ॉर्म को एक्सेस नहीं कर पाएंगे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सरकार के इस फ़ैसले का स्वागत किया है।

22 जून तक Telegram नहीं कर सकेंगे एक्सेस

आपको ज्ञात रहे कि पेपर लीक होने के बाद देश में NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून 2026 को कराई जा रही है। यानी 21 जून को फिर से नीट की परीक्षा होगी। जिसमें देशभर से लाखों अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। ऐसे में भारत सरकार के निर्देश के मुताबिक, 21 जून को नीट परीक्षा के मद्देनज़र 22 जून तक टेलिग्राम प्लेटफ़ॉर्म भारत में बंद रहेगा। यानि लोग टेलीग्राम को 22 जून तक नहीं चला पाएंगे। इसके संबंध में NTA ने भी एक प्रेस रिलीज जारी किया है। आइए आपको बताते हैं कि उसमें क्या कुछ लिखा है।

NTA ने प्रेस रिलीज जारी कर क्या कहा?

प्रेस रिलीज में कहा गया, 'राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म के संबंध में लिए गए सरकार के फैसले का स्वागत करती है। यह फैसला एनटीए की सिफारिशों पर है। ''इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट, 2000 की धारा 69 A के तहत एक निर्देश, जो भारत में टेलीग्राम प्लेटफ़ॉर्म तक पहुँच को एक तय और सीमित समय (22 जून 2026 तक) के लिए रोकता है। इस समय में NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा का दिन और उसके ठीक बाद का समय भी शामिल है।''

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने कहा, ''साथ ही, एक निर्देश यह भी है कि टेलीग्राम प्लेटफ़ॉर्म भारत में पहले से पोस्ट किए गए मैसेज के लिए 'मैसेज-एडिटिंग' फ़ीचर को एक तय समय (30 जून 2026 तक) के लिए बंद कर दे। यह निर्देश उस खास फ़ीचर को ध्यान में रखकर दिया गया है जिसका इस्तेमाल राष्ट्रीय परीक्षाओं के संबंध में घटना के बाद "पेपर लीक" के सबूत गढ़ने के लिए किया जाता रहा है।''

एनटीए की तरफ से से आगे कहा गया कि, ''ये दोनों कदम पब्लिक ऑर्डर के हित में उठाए गए हैं क्योंकि 21 जून 2026 को होने वाले NEET (UG) 2026 के दोबारा एग्जाम में बैठने वाले कैंडिडेट्स को धोखा देने के लिए चीटिंग रैकेट्स प्लेटफॉर्म का ऑर्गनाइज़्ड इस्तेमाल कर रहे थे। NTA, स्टूडेंट्स के हित में समय पर की गई इस कार्रवाई के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी मंत्रालय का शुक्रिया अदा करता है, जिससे एनटीए को 21 जून 2026 को सेफ और सिक्योर एग्जाम कराने में काफी मदद मिलेगी।''

NEET परीक्षा का 15 मिनट समय बढ़ाया

हाल ही में केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने बताया था कि छात्रों की मांगों पर NEET परीक्षा का समय भी बढ़ाया जा रहा है। परीक्षा फॉर्मेलिटीज पूरी करने में जाने वाले समय के चलते परीक्षा समय में 15 मिनट की बढ़ोतरी रहेगी। परीक्षा अब दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 5:15 बजे तक होगी। पहले यह समय 2 बजे से 5 बजे तक था। इसके अलावा परीक्षा के समय अभ्यर्थियों के आवागमन को लेकर राज्यों से परिवहन व्यवस्था के संबंध में बातचीत की जाएगी। ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा सेंटर पहुंचने में परेशानी का सामना न करना पड़े। अभ्यर्थियों को अपने पसंद के शहर में परीक्षा सेंटर चुनने का विकल्प भी मिलेगा।

3 मई को हुई थी NEET-UG की परीक्षा

ज्ञात रहे कि 3 मई 2026 को देश भर में NEET-UG की परीक्षा कराई गई थी। लेकिन बाद में पेपर लीक की जानकारी सामने आई। जिसके बाद भारत सरकार ने तुरंत परीक्षा रद्द कर दी और पेपर लीक की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई। 3 मई को हुई नीट परीक्षा में तकरीबन 22 लाख अभ्यर्थी शामिल रहे थे, ऐसे में अब सभी अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा देनी होगी। बता दें कि नीट पेपर लीक होने और परीक्षा रद्द होने से देशभर में अभ्यर्थियों में आक्रोश देखा गया और केंद्र सरकार और NTA से जवाब मांगा गया की बार-बार पेपर लीक कैसे हो जाता है? अभ्यर्थियों और तमाम टीचरों ने कहा कि ये छात्रों के करियर से खिलवाड़ है।

CBI ने कई आरोपियों की गिरफ्तारी की

नीट पेपर लीक की जांच करते हुए CBI ने तेज एक्शन लिया और पेपर लीक करने वाले माफियाओं की कमर तोड़ने का काम किया गया। इस मामले में सीबीआई की टीमों ने महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा समेत अलग-अलग जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर कई आरोपियों की गिरफ्तारी की और उन्हें रिमांड पर लिया था। सीबीआई इस पूरे मामले में कई अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है। CBI पेपर लीक मामले में पूरे नेटवर्क का पता लगा रही है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने चेतावनी देते हुए कहा था कि परीक्षा माफिया बाज आ जायें। उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने समाज से भी अपील की कि ऐसे लोगों का पर्दाफाश करने में सरकार की मदद की जाये।

यह पढ़ें-

NEET परीक्षा में बड़ा बदलाव; अब CBT मोड में हुआ करेगा एग्जाम, पेपर लीक करने वालों को कड़ी चेतावनी