Two Youths Injured in Firing

कुरुक्षेत्र में ताबड़तोड़ फायरिंग, दो युवकों पर डेढ़ दर्जन राउंड गोलियां बरसाईं

pp

Two Youths Injured in Firing

कुरुक्षेत्र: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में रविवार अलसुबह उस समय सनसनी फैल गई जब ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार होकर आए बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने कथित तौर पर डेढ़ दर्जन के करीब गोलियां चलाईं, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार इस हमले में गांधी नगर निवासी 20 वर्षीय अमन और 20 वर्षीय प्रिंस घायल हो गए। दोनों को गोली लगने के बाद तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने लगे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया। भागने की कोशिश में आरोपियों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर एक नाले में जा गिरी। हालांकि आरोपी वहां से फरार होने में सफल रहे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने नाले में गिरी स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला सट्टे के कारोबार या पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते दोनों युवकों पर हमला किया गया।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वारदात के बाद आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों को पकड़ने के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।