Massive Fire at Hapur Steel Factory

हापुड़ की स्टील फैक्ट्री में भीषण आग, एक मजदूर की मौत, एक गंभीर रूप से झुलसा

undefined

Massive Fire at Hapur Steel Factory

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के धौलाना क्षेत्र स्थित एक स्टील फैक्ट्री में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से झुलस गया। दमकल विभाग ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (UPSIDC) फेज-3 स्थित मैसर्स सुख स्टील्स फैक्टरी में सुबह करीब 4 बजे आग लग गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए गाजियाबाद से भी दो अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए।

आग बुझाने के बाद मलबे से बागपत निवासी गुलफाम (50) का शव बरामद किया गया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसे शावेज (30) को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा जांच जारी है।