महाराष्ट्र में सैकड़ों LPG सिलेंडर नदी में बहे, वीडियो; भीषण बारिश से पातालगंगा में विकराल बाढ़, पानी के तेज बहाव में डूब गया प्लांट
Maharashtra LPG Cylinders Washed Away in Patalganga River Raigad Video
Maharashtra Rain Flood: मानसून आने के बाद महाराष्ट्र में भारी बारिश का दौर लगातार जारी है. कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. इसी बीच रायगढ़ स्थित पातालगंगा नदी में सैकड़ों LPG सिलेंडर बहने का मामला सामने आया है. भारी बारिश की वजह से पातालगंगा नदी में विकराल बाढ़ आ गई. वहीं बाढ़ का पानी तेज बहाव में यहां एक LPG बॉटलिंग प्लांट में घुस गया. जहां प्लांट डूबने से वहां पड़े सैकड़ों LPG सिलेंडर बहते हुए पातालगंगा नदी में चले गए. सिलेंडर तिनके की तरह उफनती नदी में बहते नजर आये. सोशल मीडिया पर नदी में सिलेंडरों के बहने के कई वीडियो सामने आये हैं.
रसोई गैस सिलेंडर बहते देख इकट्ठा हुए लोग
पातालगंगा नदी में रसोई गैस सिलेंडर बहते देख वहां आसपास मौजूद लोग मौके पर इकट्ठा होते देखे गए. कुछ लोगों ने अपनी जान से खेल सिलेंडर नदी से लेने की कोशिश भी की. बताया जा रहा है कि सिलेंडर खाली थे और प्लांट में रखे हुए थे. भारी बारिश के बीच अचानक बाढ़ आई. पानी का बहाव इतना ज्यादा तेज था की सिलेंडर बहते हुए पातालगंगा नदी में चले गए. फिलहाल राहत की बात ये है कि किसी जनहानि या विस्फोट की सूचना नहीं है. वहीं प्रशासन ने बारिश को लेकर लोगों के लिए एडवाइज़री जारी की है. लोगों को पातालगंगा नदी के आसपास से दूर रहने और जान को खतरे में न डालने के लिए कहा गया है.
वीडियो
महाराष्ट्र में अगले 24 घंटे का मौसम अपडेट
फिलहाल महाराष्ट्र में भारी बारिश का दौर अभी जारी रहेगा. ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कोंकण, घाट क्षेत्रों और मध्य महाराष्ट्र में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी है। स्थानीय प्रशासन और आपदा राहत एजेंसियों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है.