Panchkula News: पंचकूला में दर्दनाक हादसा; पार्क में खेल रहे 4 साल के मासूम की करंट लगने से मौत, परिजनों में मचा हाहाकार

पंचकूला में दर्दनाक हादसा; पार्क में खेल रहे 4 साल के मासूम की करंट लगने से मौत, परिजनों में मचा हाहाकार, लोगों में भारी गुस्सा

Panchkula 4 Year Old Child Died Due To Electric Shock in Park

Panchkula 4 Year Old Child Died Due To Electric Shock in Park

Panchkula News: चंडीगढ़ से सटे हरियाणा के पंचकूला में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां सेक्टर-14 स्थित केन्द्रीय विहार इलाके में करंट लगने से 4 साल के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई. बच्चे की मौत से परिजनों में हाहाकार मच गया है. वहीं इस हादसे को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. आरोप है कि बच्चे की मौत पार्क में बिजली व्यवस्था की लापरवाही के कारण हुई है. फ़िलहाल इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

पार्क में खेलते हुए लाइट के खंभे को छू लिया

मिली जानकारी के अनुसार, करीब चार वर्षीय रुद्र पार्क में खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते उसने स्ट्रीट लाइट के खंभे को छू लिया, जिसमें करंट दौड़ रहा था. करंट लगते ही बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया और वहीं अचेत हो गया. जिसके बाद परिजन आनन-फानन में बच्चे को सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिजन फूट पड़े. सबसे ज्यादा मां का रो-रोकर बुरा हाल देखा गया. एक हंसते-खेलते मासूम की चहचाहट हमेशा के लिए शांत हो गई.

Panchkula 4 Year Old Child Died Due To Electric Shock in Park

कब तक मरते रहेंगे लोग?

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पार्क में बिजली व्यवस्था की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ. लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पार्कों में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित विभाग से भी रिपोर्ट मांगी जा रही है. फिलहाल इस दर्दनाक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम कब तक लापरवाही की भेंट चढ़ते रहेंगे. ऐसे कई हादसे पहले भी पेश आ चुके हैं. लेकिन लापरवाही जस की तस बनी हुई है.

बरसात के मौसम में अपनाएं ये सावधानियां

  • बारिश के दौरान बिजली के खंभों, ट्रांसफॉर्मर और टूटे हुए बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
  • जलभराव वाली जगहों पर खंभों या बिजली के उपकरणों को छूने से बचें, इनमें करंट आ सकता है।
  • यदि कहीं बिजली का तार टूटा हुआ दिखाई दे, तो तुरंत बिजली विभाग को सूचना दें और दूसरों को भी वहां जाने से रोकें।
  • बच्चों को पानी भरे क्षेत्रों और बिजली के खंभों के आसपास खेलने न दें।
  • किसी भी आपात स्थिति में बिना जोखिम उठाए तुरंत संबंधित विभाग या हेल्पलाइन से संपर्क करें।