बांदा को 710 करोड़ की सौगात, सीएम योगी बोले- बुंदेलखंड को धरती का स्वर्ग बनाएंगे

बांदा को 710 करोड़ की सौगात, सीएम योगी बोले- बुंदेलखंड को धरती का स्वर्ग बनाएंगे

CM Yogi Projects Worth ₹710 Crore

CM Yogi Projects Worth ₹710 Crore

बांदा: CM Yogi Projects Worth ₹710 Crore: सीएम योगी गुरुवार को बांदा में थे. इस दौरान उन्होंने शहर के कालूकुआं चौराहे स्थित रानी अवंती बाई की प्रतिमा का अनावरण किया. साथ ही पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा स्थल से 701 करोड़ रुपए की कई परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया. जनसभा को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा चलाई जा रही तमाम योजनाओं के बारे में चर्चा की. वहीं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए बुंदेलखंड की उपेक्षा करने का आरोप लगाया.

योगी ने कहा कि सीएम बनने के बाद प्रधानमंत्री ने मुझसे कहा था कि पहला दौरा बुंदेलखंड का हो और वहां के लिए कुछ किया जाए. जब मैं यहां पहली बार आया तो देखा कि पिछड़ापन यहां की पहचान है. सीएम ने कहा कि पलायन और प्यास बुंदेलखंड की पहचान बन गई थी. खनन माफिया, वन माफिया, भूमाफिया व डकैतों का यहां ऐसा आतंक था, जिससे किसान भी खेत में जाने से डरता था. सीएम ने कहा कि पाठा का यह क्षेत्र डकैतों के लिए फिरौती व वसूली का माध्यम बन गया था. यहां कनेक्टिविटी, सिंचाई, पेयजल, सुरक्षा, रोजगार नहीं था.

कहा कि उस दौर में थाने में एफआईआर तक नहीं होती थी. बुंदेलखंड अस्तित्व के लिए जूझ रहा था, मगर अब बुंदेलखंड की प्रगति को देखकर प्रसन्नता होती है. हर किसी को 9 वर्ष पहले और आज के बांदा में परिवर्तन दिखेगा. सीएम ने कहा कि विकास व विरासत के संरक्षण के लिए शासन के संज्ञान में जो भी प्रोजेक्ट आएगा, उसे लागू कर बुंदेलखंड को धरती का स्वर्ग बनाएंगे.

जिन्हें कब्रिस्तान प्यारा, वे कर रहे हैं राम मंदिर का विरोध

मंच से सीएम ने कहा कि कुछ लोग विरासत को अपमानित करते हैं. ऐसे लोगों ने हिंदु परंपरा व सनातन को कोसना ही अपने जीवन का ध्येय बनाया है. कहा कि ऐसे लोग वैभवशाली व विकसित भारत नहीं देखना चाहते हैं. हमारी सरकार जो पैसा मंदिरों के विकास व धामों के सुंदरीकरण के लिए देती है, समाजवादी पार्टी के समय वही पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल के लिए जाता था. उन्हें कब्रिस्तान प्यारा है, इसलिए वे राम मंदिर, काशी विश्वनाथ, मां विंध्यवासिनी धाम, चित्रकूट, नैमिषारण्य धाम के विकास का विरोध करते हैं. कहा कि सपा व कांग्रेस वाले भाजपा के प्रतिनिधियों द्वारा कराए जाने वाले विकास कार्यों को पचा नहीं पाते.

710 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

सीएम योगी ने गुरुवार को बांदा व बबेरू विधानसभा क्षेत्र के लिए 710 करोड़ से अधिक की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया. सीएम ने योजनाओं को गिनाकर इसका श्रेय जनता व यहां के जनप्रतिनिधियों को दिया. सीएम ने कहा कि पीएम मोदी ने जब देश की बागडोर संभाली तो आशा की किरण जगी. 2017 में यूपी में डबल इंजन सरकार बनने के बाद यहां भी कनेक्टिविटी, पेयजल, हर खेत को पानी और बांदा के युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र मिल रहा है. डबल इंजन की भाजपा सरकार ने सभी के सपनों को साकार किया है.

जिसे प्रदेश की रखवाली की जिम्मेदारी मिली थी, वही लूटते थे

सीएम ने कहा कि बुंदेलखंड अब डकैत, माफिया, कर्फ्यू, उपद्रव व दंगामुक्त हो गया. अब यहां महारानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक कॉलेज, कनेक्टिविटी की बेहतरीन सुविधा मिल रही है. सीएम ने आगामी विधानसभा के चुनाव के मद्देनजर कहा कि यदि भूमाफिया व डकैत चुनाव जीतेगा तो व्यापारी का अपहरण करेगा, गरीबों को उजाड़ेगा और नौजवानों व गरीबों की योजनाओं पर डकैती डालेगा. 2017 के पहले उप्र में यही होता था. जिसे प्रदेश की रखवाली की जिम्मेदारी सौंपी जाती थी, वही प्रदेश को लूटते थे. गरीबों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिलती थीं. आवास की सुविधा उन्हें ही मिलती थी जो समाजवादी पार्टी के थे.

उपद्रव पसंद नहीं, माने तो ठीक वरना यमराज के घर का रास्ता खोल देंगे

सीएम ने कहा कि डबल इंजन सरकार तुष्टिकरण की नीति पर नहीं चलती. सरकार को उपद्रव, कर्फ्यू, गुंडागर्दी पसंद नहीं है. सरकार बेटी-व्यापारी की सुरक्षा पर सेंध लगाने वालों को चेतावनी देती है और न मानने वालों के लिए यमराज के घर जाने का रास्ता भी खोल देती है.

वीरों-वीरांगनाओं को सम्मान देता है बांदा

सीएम ने बांदा की सड़कों व यहां के चौराहों में आए बदलाव को लेकर कहा कि शहर के लोग अपने जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर व्यवस्थित सिटी का मॉडल बना सकते हैं. बांदा वीरों-वीरांगनाओं को सम्मान दे रहा है. यहां महापुरुषों के नाम पर पार्क बन रहे हैं. यहां का कालिंजर का अजेय दुर्ग विजय पथ पर बढ़ने की प्रेरणा देता है. वहां विराजमान नीलकंठ महादेव का आशीर्वाद हर किसी को मिलता है. सीएम ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार है तो भारत की विरासत को संरक्षित किया जा रहा है. सीएम ने सुबह चित्रकूट में कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम चित्रकूट व बुंदेलखंड की स्मृतियों में हैं.

सपा-कांग्रेस ने डकैत दिए, हमने ब्रह्मोस दिया

सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि सपा व कांग्रेस ने यहां डकैत दिए. यहां नौकरी की बजाय नौजवानों को तमंचे दिए. वहीं हमारी सरकार ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस दिया और डिफेंस मैन्युफेक्चरिंग कॉरिडोर का हब बनाया. यूपी में बनी ब्रह्मोस मिसाइल को जब भारत दागता है तो पाकिस्तान भी बाप-बाप करते हुए चिल्लाता है. भारत के जवानों के इस शौर्य, पराक्रम का केंद्र बिंदु बुंदेलखंड बन रहा है.

कीमती पत्थरों में हो रही ‘शजर’ की गिनती

सीएम ने ओडीओपी को लेकर बांदा के शजर पत्थर के सजावट की तारीफ की और कहा कि यहां के ‘शजर’ की गिनती कीमती पत्थरों में हो रही है. अब बड़ी-बड़ी कंपनियां भी नग की जगह शजर पत्थर को मंगा रही हैं. यह पीएम मोदी के विजन-ओडीओपी के कारण हो पाया है. एमएसएमई को सम्मान, सुरक्षा का वातावरण बना तो प्रदेश में निवेश भी आया. सीएम ने कहा कि हर जनपद में एक्सप्रेसवे पर इंडस्ट्रियल कलस्टर के निर्माण को हम बढ़ा रहे हैं. बीडा के रूप में बुंदेलखंड को यूपी का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर देने जा रहे हैं. पहले शासकीय उपेक्षा के कारण बुंदेलखंड के लोग पलायन करते थे. लेकिन हमारा संकल्प है कि अब देश-दुनिया के नौजवान यहां नौकरी मांगने आएंगे.