पंचकूला अग्रवाल सभा में 13 साल बाद चुनाव की शुरुआत, 2,948 सदस्य चुनेंगे नया नेतृत्व

1000032553

Elections begin at the Panchkula Aggarwal Sabha after 13 years

पंचकूला। Elections begin at the Panchkula Aggarwal Sabha after 13 years, शहर की सबसे बड़ी सामाजिक संस्था अग्रवाल सभा (पंजीकृत), पंचकूला में करीब 13 वर्ष बाद लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। लंबे समय से संयोजक और प्रशासक के माध्यम से संचालित हो रही सभा में अब सदस्यों को अपना नया नेतृत्व चुनने का अवसर मिलेगा।

रिटर्निंग अधिकारी ने कॉलेजियम चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। 9 अगस्त को मतदान होगा, जिसमें सभा के 2,948 सदस्य अपने 118 कॉलेजियम सदस्य चुनेंगे। इसके बाद यही कॉलेजियम सदस्य सभा के नए प्रधान और कार्यकारिणी का चुनाव करेंगे।

अग्रवाल सभा में वर्ष 2013 के बाद कोई नियमित चुनाव नहीं हुआ। उससे पहले पंचकूला के पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल सभा के प्रधान थे। चुनाव न होने के कारण वर्षों तक सभा का संचालन प्रशासक और संयोजकों के माध्यम से होता रहा।

वर्ष 2013 में तत्कालीन आईएएस अधिकारी राजकुमार गुप्ता को प्रशासक नियुक्त किया गया। इसके बाद अलग-अलग समय में तेजपाल गुप्ता, बालकृष्ण बंसल और अमित जिंदल संयोजक रहे। नवंबर 2025 में हरियाणा सरकार ने बृजमोहन बेदी को प्रशासक नियुक्त किया और लगभग आठ माह बाद उन्होंने चुनाव प्रक्रिया शुरू करा दी।

1991 में हुआ था गठन, सामाजिक सेवा में अग्रणी

वर्ष 1991 में गठित अग्रवाल सभा आज शहर की प्रमुख सामाजिक संस्थाओं में गिनी जाती है। सभा के पास सेक्टर-16 स्थित विशाल अग्रवाल भवन है। संस्था फिजियोथेरेपी सेंटर, निःशुल्क क्लीनिक, एंबुलेंस सेवा, डेड बॉडी फ्रीजर उपलब्ध कराने के साथ-साथ लावारिस शवों के अंतिम संस्कार जैसी सामाजिक सेवाएं भी संचालित करती है।

2,948 सदस्य करेंगे मतदान

सभा के कुल 2,948 सदस्य मतदान के पात्र हैं। ये सदस्य 118 कॉलेजियम सदस्यों का चुनाव करेंगे। बाद में यही कॉलेजियम सभा के नए प्रधान और कार्यकारिणी का चयन करेगा।

पिता-पुत्र ने संभाल चुके प्रधान की कमान

अग्रवाल सभा पंचकूला के इतिहास में कई समाजसेवियों ने प्रधान पद की जिम्मेदारी निभाई है। इनमें लाला अमरनाथ अग्रवाल और उनके पुत्र कुलभूषण गोयल का नाम भी दर्ज है। दोनों पिता-पुत्र अग्रवाल सभा के प्रधान रह चुके हैं।

लाला अमरनाथ अग्रवाल वर्ष 1995 से 1997 तथा 1997 से 1999 तक लगातार दो कार्यकाल के लिए सभा के प्रधान रहे। इसके बाद उनके पुत्र कुलभूषण गोयल ने वर्ष 2007 से 2011 तक प्रधान पद की जिम्मेदारी संभाली।

अग्रवाल सभा के इतिहास में पहले प्रधान बनने का श्रेय साधुराम जैन को जाता है। वहीं पंचकूला के मौजूदा मेयर श्यामलाल बंसल भी वर्ष 1992 से 1994 तक अग्रवाल सभा के प्रधान रह चुके हैं।

सभा का नेतृत्व समय-समय पर केशव राम गुप्ता, डाॅ. नरेश मित्तल, बालकिशन बंसल और सुनील गुप्ता जैसे समाजसेवियों ने भी किया है। इन सभी ने अपने-अपने कार्यकाल में अग्रवाल समाज के संगठनात्मक और सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

चुनाव कार्यक्रम

  • अधिसूचना जारी: 9 जुलाई 
  • नामांकन शुरू: 24 जुलाई (सुबह 9:00 बजे)
  • नामांकन की अंतिम तिथि: 28 जुलाई (शाम 5:00 बजे)
  • नामांकन पत्रों की जांच: 29 जुलाई 
  • नाम वापस लेने की तिथि: 30 व 31 जुलाई (शाम 5:00 बजे तक)
  • मतदान: 9 अगस्त (सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक)
  • मतगणना: 9 अगस्त (मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद)

2 अगस्त को जारी होगी उम्मीदवारों की सूची

नामांकन पत्रों की जांच के बाद पात्र उम्मीदवारों की अंतिम सूची 2 अगस्त को दोपहर 2 बजे से अग्रवाल भवन, सेक्टर-16 के नोटिस बोर्ड तथा भवन प्रबंधक कार्यालय में उपलब्ध रहेगी।

पहचान पत्र लाना अनिवार्य

रिटर्निंग अधिकारी ने सभी सदस्यों से मतदान के समय सदस्यता कार्ड अथवा कोई भी सरकारी मान्यता प्राप्त फोटो पहचान पत्र साथ लाने की अपील की है। पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं करने वाले सदस्य मतदान नहीं कर सकेंगे।

करीब 13 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद शुरू हुई यह चुनाव प्रक्रिया अग्रवाल समाज में नई ऊर्जा और लोकतांत्रिक भागीदारी का संदेश दे रही है। अब निगाहें 9 अगस्त को होने वाले मतदान और उसके बाद चुने जाने वाले नए नेतृत्व पर टिकी हैं।