पंचकूला कोर्ट में फर्जी दस्तावेजों से जमानत दिलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीसरा आरोपी गिरफ्तार
- By Gaurav --
- Thursday, 09 Jul, 2026
Third Accused Arrested in Fake
पंचकूला अदालत में फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपियों को जमानत दिलाने वाले गिरोह के खिलाफ पंचकूला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान निवासी पटियाला, पंजाब के रुप में हुई है। आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। आरोपी 3 दिन के पुलिस रिमांड पर है। पहले गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने एक निर्दोष व्यक्ति के नाम और उसकी जमीन की जमाबंदी का दुरुपयोग करते हुए फर्जी आधार कार्ड, शपथ पत्र, फोटो व अन्य दस्तावेज तैयार किए और उनके आधार पर एनडीपीएस एक्ट के एक आरोपी की जमानत करवाई। मामले में गिरोह के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पंचकूला के सैक्टर-1 चौकी में मिली शिकायत के आधार पर थाना सैक्टर-7 में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 406, 420, 465, 466, 468, 471 व 120-बी के तहत मामला दर्ज किया गया। सैक्टर-7 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजबीर के अनुसार शिकायत में बताया गया कि एक एनडीपीएस मामले में आरोपी बबली के लिए मोहन सिंह नामक व्यक्ति के नाम पर जमानत दाखिल की गई थी। बाद में जब अदालत में जमानतदार को तलब किया गया तो वास्तविक मोहन सिंह ने उपस्थित होकर स्पष्ट किया कि उसने कभी किसी आरोपी की जमानत नहीं दी तथा उसके नाम से लगाए गए शपथ पत्र, फोटो और अन्य दस्तावेज पूरी तरह फर्जी हैं। केवल उसकी जमीन की जमाबंदी का दुरुपयोग किया गया है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अदालत से जमानत संबंधी अभिलेखों की प्रमाणित प्रतियां प्राप्त कीं व विभिन्न क्षेत्रों में आरोपियों की तलाश की। वास्तविक मोहन सिंह को जांच में शामिल कर उसके बयान दर्ज किए गए, जिसमें उसने बताया कि उसकी जमीन की जमाबंदी का इस्तेमाल कर फर्जी आधार कार्ड तैयार किया गया था। जांच के दौरान आरोपी की पहचान के लिए फोटो विभिन्न न्यायालयों में भी दिखाई गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में आरोपी की पहचान बालकृष्ण निवासी अंबाला के रूप में हुई।
लगातार जांच के आधार पर सैक्टर-1 चौकी इन्चार्ज सब इंस्पेक्टर राममेहर सिंह की अगुवाई में जांच अधिकारी एएसआई राजीव कुमार ने टीम की मदद से पहले 2 आरोपियों बालकृष्ण निवासी अंबाला तथा अरविंद कुमार निवासी अंबाला को 7 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने बताया था कि फर्जी जमानत के लिए इस्तेमाल किए गए दस्तावेज अन्य व्यक्ति द्वारा तैयार करवाए गए थे। जिसके आधार पर पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता: गिरफ्तार किए गिए तीसरे आरोपी के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार करने से संबंधित मामलें चंडीगढ़ व अंबाला में भी दर्ज है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरे षड्यंत्र में कुछ और लोग भी शामिल थे और फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से अदालत को गुमराह कर आरोपी को जमानत दिलाने का प्रयास किया गया। हमारी टीम अब शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पहले 2 आरोपियों को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है, तीसरा रिमांड पर है। मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है तथा पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर सभी दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।