पुडुचेरी में कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, चुनाव से पहले पूर्व PCC अध्यक्ष ने छोड़ी पार्टी, क्यों लिया फैसला?
Subramanian Resigns Congress
पुडुचेरी: Subramanian Resigns Congress: पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 से पहले कांग्रेस के पूर्व नेता ए.वी. सुब्रमण्यम ने शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया. पुडुचेरी प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष वी. वैथिलिंगम को लिखे एक पत्र में सुब्रमण्यम ने इस फैसले के पीछे निजी कारणों और अपरिहार्य परिस्थितियों का हवाला दिया.
उनका यह फैसला पुडुचेरी कांग्रेस अध्यक्ष वी वैथीलिंगम द्वारा दिन में आगामी चुनावों के लिए पार्टी के 16 उम्मीदवारों की सूची जारी करने के बाद आया है. सूची के अनुसार डीपीआर सेल्वम मन्नादीपट्टू से चुनाव लड़ेंगे, जबकि पी कार्तिकेयन को ओसुडु से मैदान में उतारा गया है.
अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में इंदिरानगर से एन राजा कुमार, थट्टानचावडी से वी वैथिलिंगम, कामराजनगर से पीके देवदास और लॉस्पेट से एम वैद्यनाथन शामिल हैं. जी राजेंद्रन मुथियालपेट से जे विजयालक्ष्मी एरियानकुप्पम से और आरकेआर आनंदरमन मनावेली से चुनाव लड़ेंगे.
पार्टी ने एम्बलम से एम कंडासामी, नेट्टापक्कम से जी अनपरासन, नेदुंगडु से दिनेश कुमार, थिरुनल्लार से आर कमलाकन्नन और कराईकल उत्तर से एएम रंजीत को मैदान में उतारा है. माहे में रमेश परमपथ को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि कोल्लापल्ली श्रीनिवास अशोक यानम से चुनाव लड़ेंगे.
यह घोषणा इस हफ्ते की शुरुआत में कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के बीच हुए सीट-बंटवारे के समझौते के बाद की गई है. इस समझौते के तहत कांग्रेस 30 में से 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि डीएमके बाकी 14 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.
पार्टी के पुडुचेरी चुनाव प्रभारी जगतरक्षकन ने कहा, 'डीएमके को आवंटित 14 सीटों में से हम गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ सीटें साझा करेंगे.' कांग्रेस और डीएमके तमिलनाडु में भी गठबंधन का सहयोगी है, जहां मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली पार्टी ने 2026 के विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस को 234 में से 28 सीटें आवंटित की है. चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में 2026 के विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल को एक ही चरण में होंगे और वोटों की गिनती 4 मई को होगी.