कुशीनगर लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा, कलेक्शन एजेंट ही निकला मास्टरमाइंड; 5 आरोपी गिरफ्तार
- By Gaurav --
- Thursday, 09 Jul, 2026
Kushinagar Robbery Solved in 24 Hours
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सीमेंट व्यवसायी के कलेक्शन एजेंट से हुई कथित लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि लूट की सूचना देने वाला कलेक्शन एजेंट विपिन तुरहा ही इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने साजिशकर्ता समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.40 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई की शाम करीब 5:35 बजे चौरा खास थाना क्षेत्र के बाढ़ू चौराहा के पास दो युवकों से मारपीट कर 1.5 लाख रुपये और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन लूटे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी केशव कुमार ने बताया कि बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया बाजार निवासी सीमेंट कारोबारी अंशु लोहिया के यहां कार्यरत विपिन तुरहा और अमन चौबे बकाया वसूली के लिए फाजिलनगर गए थे। वापसी के दौरान सुनसान इलाके में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोककर अमन की पिटाई की और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
घटना के खुलासे के लिए स्वाट, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की चार टीमें गठित की गईं। घटनास्थल के निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच के दौरान विपिन के बयान में विरोधाभास मिला। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
पूछताछ में विपिन ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उसका सहकर्मी अमन चौबे से विवाद हुआ था। उसे सबक सिखाने के लिए उसने अपने रिश्तेदार वीरेंद्र कुमार शाह उर्फ जगुआर के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। घटना वाले दिन उसने अपने रिश्तेदार को लोकेशन भेजी और अमन पर हमला करने के साथ कलेक्शन की रकम लूटने की योजना बनाई।
योजना के तहत वीरेंद्र अपने तीन साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों पर मौके पर पहुंचा। आरोपियों ने अमन की पिटाई की और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने इस मामले में विपिन तुरहा, वीरेंद्र कुमार शाह उर्फ जगुआर, अफजल अंसारी, नीरज यादव और शहनवाज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।