रांची: कल्पना सोरेन को महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिष्ठित अवार्ड
Kalpana Soren Receives Prestigious Award
पुरस्कार हर महिला के साहस और सपनों को समर्पित किया।
झारखंड की महिलाएं अब उद्यमी और बदलाव की नायिका हैं।
रांची। Kalpana Soren Receives Prestigious Award, नई दिल्ली के हयात रीजेंसी में सोमवार को आयोजित ब्रिक्स सीसीआई वीई एनुअल वुमेन समिट एंड फेलिसिटेशन-2026 के दौरान गांडेय विधायक कल्पना सोरेन को प्रतिष्ठित वुमेन एम्पायरमेंट ट्रेलब्लेजर्स अवार्ड से सम्मानित किया गया।
ब्रिक्स चैंबर आफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महिला सशक्तिकरण वर्टिकल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया।
इस मौके पर कल्पना ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह झारखंड की हर मंइयां और देश-दुनिया की उन अनगिनत महिलाओं का है, जो अपने परिवार, समुदाय और अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहीं हैं।
आज महिलाएं व्यापार, खेल, अंतरिक्ष, विज्ञान, नवाचार और शासन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में बाधाओं को पार कर मुकाम हासिल कर रहीं हैं। वे केवल राज्य और देश के विकास का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वे इसे गति दे रहीं हैं।
हाशिए पर रहनेवाली महिलाओं की आवाज सुनी जाए
कल्पना सोरेन ने कहा कि विशेष रूप से हाशिए पर रहने वाले समुदायों की महिलाओं की आवाज को सुनने और उन्हें अवसरों तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में महिलाओं को केवल लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि उद्यमी और बदलाव की नायिका के रूप में देखा जा रहा है।
उन्होंने स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमों के माध्यम से महिलाओं द्वारा बनाई जा रही आर्थिक स्थिरता और आत्मविश्वास की सराहना की।
सशक्तिकरण में निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए
कल्पना ने अपनी हालिया लंदन यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि ऑक्सफोर्ड विवि जैसे संस्थानों में पढ़ रही झारखंड की छात्राओं के जुनून और बाधाओं से जूझने के उनके दृढ़ संकल्प ने उन्हें भविष्य के प्रति अत्यधिक विश्वास और आशा से भर दिया है।
सशक्तिकरण केवल समावेश तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसमें निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि हर महिला को बढ़ने और नेतृत्व करने का समान अवसर मिले।