Jind's Uday Bhanu Pratap

NEET-UG 2026: जींद के उदय भानु प्रताप ने AIR 363 के साथ किया जिला टॉप, पहले प्रयास में हासिल की बड़ी सफलता

neet

Jind's Uday Bhanu Pratap

जींद। हरियाणा के जींद जिले के प्रतिभाशाली छात्र उदय भानु प्रताप ने NEET-UG 2026 में पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 363 हासिल कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और गांव सिंधवी खेड़ा सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है।

उदय भानु प्रताप शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने इंडस पब्लिक स्कूल, जींद से 10वीं कक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया था। इसके बाद 12वीं बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक हासिल किए। वहीं JEE Main में 99.2 पर्सेंटाइल प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया।

उदय ने बताया कि उनके बड़े भाई सूरज प्रताप सिंह, जो वर्तमान में PGIMS रोहतक से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं, से प्रेरित होकर उन्होंने डॉक्टर बनने का लक्ष्य तय किया। उनका सपना भविष्य में न्यूरोसर्जन बनकर देश की सेवा करना है।

इस उपलब्धि पर चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी (CRSU) के कुलपति डॉ. रामपाल सैनी ने उदय को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान उदय भानु प्रताप ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं और परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने छात्रों पर लाठीचार्ज को लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं बताया।

उदय की माता अनीता रानी, जो सरकारी स्कूल में लेक्चरर हैं, ने कहा कि उनका सपना डॉक्टर बनने का था, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण वह इसे पूरा नहीं कर सकीं। उन्होंने कहा कि आज उनके दोनों बेटे चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं, जो परिवार के लिए गर्व की बात है।

उदय के पिता रविंद्र कटारिया व्यवसायी हैं, जबकि दादा धर्मपाल कटारिया, जो हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव रह चुके हैं, ने 74 वर्ष की आयु में CRSU जींद से एलएलबी परीक्षा 82 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण कर मिसाल पेश की थी।