झारखंड पुलिस भर्ती 2026: 9362 सिपाही पदों पर जल्द शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया, रोस्टर क्लियरेंस की तैयारी तेज
Jharkhand Police Recruitment 2026
रांची। झारखंड में जल्द ही सिपाही के 9362 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। इसके लिए गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में रोस्टर क्लियरेंस पर बैठक बुलाई गई है। इसके साथ ही तकनीकी बाधाओं को दूर कर भर्ती प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी।
रोस्टर क्लियरेंस के बाद प्रस्ताव गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को भेजा जाएगा। वहां से मंजूरी के बाद झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) को भेजा जाएगा और फिर विज्ञापन का प्रकाशन होगा।
पुलिस मुख्यालय ने पूर्व में सभी जिला व इकाइयों से आरक्षी संवर्ग (चालक, आर्मरर और बिगुलर को छोड़कर) के लिए श्रेणीवार रिक्तियों का विवरण मांगा था, लेकिन जिलों से प्राप्त रिपोर्ट की जांच में कई तकनीकी और श्रेणीवार त्रुटियां सामने आईं थीं।
इन खामियों के कारण भर्ती प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पा रहा था। अब मुख्यालय इन त्रुटियों को जल्द ठीक कर प्रक्रिया को गति देना चाहता है।
रोस्टर को लेकर होने वाली बैठक में झारखंड पुलिस अकादमी (हजारीबाग) के निदेशक के साथ रांची, जमशेदपुर और धनबाद के एसएसपी को अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा राज्य के सभी जिलों के एसपी को भी उपस्थित रहने को कहा गया है। रेलवे, जैप, आईआरबी व एसआइआरबी जैसी विशेष इकाइयों के प्रमुखों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
साथ ही मुसाबनी प्रशिक्षण केंद्र और नेतरहाट सहित अन्य प्रशिक्षण व विशेष इकाइयों के अधिकारियों को भी बैठक में भाग लेने का निर्देश दिया गया है। सभी अधिकारियों को रोस्टर की खामियों को मौके पर ही दूर करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।