झारखंड कैबिनेट का बड़ा फैसला: महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी, अबुआ दवाखाना और कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी

झारखंड कैबिनेट का बड़ा फैसला: महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी, अबुआ दवाखाना और कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी

harkhand Cabinet Major Decision: Hike in Dearness Allowance

Jharkhand Cabinet's Major Decision: Hike in Dearness Allowance,

 रांची। Jharkhand Cabinet's Major Decision: Hike in Dearness Allowance, झारखंड कैबिनेट की बैठक में सरकारी कर्मियों और पेंशन भोगियो को महंगाई भत्ता बढ़ाकर देने का निर्णय लिया गया है। बुधवार को कैबिनेट की बैठक में झारखंड सरकार के कर्मियों और पेंशन भोगियों के महंगाई भत्ता में राज्य सरकार ने दो से नौ प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। इन्हें एक जनवरी 2026 के प्रभाव से बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता मिलेगा।

वहीं, राज्य के 745 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में अबुआ दवाखाना स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। एक ही दवाखाना में एलोपैथी, होमियोपैथी, आयुर्वेदिक, यूनानी व सिद्धा पद्धति की दवाएं मिलेंगी। मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 39 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

कैबिनेट की बैठक के बाद प्रधान सचिव वंदना डाडेल ने जानकारी दी कि एक जनवरी 2016 से पुनरीक्षित वेतनमान लेनेवाले राज्य कर्मियों, पेंशन भोगियों व पारिवारिक पेंशन पाने वालों के महंगाई भत्ता (डीए) 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है।

वहीं, अपुनरीक्षित वेतनमान वालों का 257 प्रतिशत से बढ़ाकर डीएं 262 प्रतिशत किया गया है, जबकि पंचम वेतनमान वालों का डीए 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत किया गया है। राज्य कैबिनेट ने मादक पदार्थों के उत्पादन, तस्करी की सूचना देनेवालों के लिए इनाम की भी घोषणा की है।

इनके साथ ही मुखबिरों व पुलिस कर्मियों को भी लाभ दिया जाएगा। अलग-अलग मादक पदार्थों के लिए इनाम की राशि तय कर दी गई है और यह राशि तीन हजार से लेकर दो लाख रुपये तक होगी। 

अबुआ दवाखाना में योग प्रशिक्षकों को तीन हजार रुपये मिलेंगे

कैबिनेट ने निर्णय लिया है कि सभी आरोग्य मंदिरों में अबुआ दवाखाना खुलेगा। इसके लिए आधारभूत संरचना तैयार करने पर सरकार पांच लाख रुपये खर्च करेगी। इसके साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कार्यरत योग प्रशिक्षक को तीन हजार रुपये मासिक मानदेय देने का निर्णय लिया गया है। यहां एक ही छत के नीचे एलोपैथी, होमियोपैथी, आयुर्वेदिक, यूनानी व सिद्धा पद्धति की दवाएं उपलब्ध रहेंगी।

झारखंड भवन के कमरे हुए महंगे

राज्य सरकार ने झारखंड भवन दिल्ली में कमरों के बुकिंग की दर में बढ़ोतरी कर दी है। सरकारी कार्य के लिए आरक्षण शुल्क अब 20 रुपये की जगह 100 रुपये लगेगा। निजी के लिए दो सौ रुपये की जगह पहले तीन दिन 750 रुपये लगेगा, चार से छह दिन के लिए एक हजार रुपये और और सात दिन या उससे अधिक पर प्रतिदिन दो हजार रुपये देने होंगे।

वहीं, निजी व्यक्ति के लिए या वीआईपी की सिफारिश पर आने वालों के लिए पहले तीन दिन तीन हजार रुपये, चौथे से छठे दिन के लिए चार हजार रुपये और सात दिन या उससे अधिक पर प्रतिदिन पांच हजार रुपये देने होंगे।

कलाकारों के मासिक पेंशन में छूट

राज्य में गंभीर रूप से बीमार और दिव्यांग कलाकारों के लिए मासिक पेंशन योजना में छूट दी गई है। पूर्व में 60 साल की उम्र आवश्यक थी, जिसे खत्म कर दिया गया है।

60 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्ध कलाकारों, गंभीर रूप से बीमार और दिव्यांग कलाकारों को हर महीने 4000 रुपये मासिक पेंशन दिया जाएगा। यह लाभ उन्हें ही मिल सकेगा जिनकी सभी स्त्रोतों से मासिक आय 8000 रुपये से कम है।

पेट्रोल, डीजल और शराब के खुदरा विक्रेताओं को रिटर्न भरने में राहत

राज्य के पेट्रोल, डीजल और शराब के खुदरा विक्रेताओं को रिटर्न भरने में राहत दी गई है। राज्य के अंदर पेट्रोल, डीजल और शराब (मदिरा) बेचने वाले खुदरा विक्रेताओं को पहले ही खरीद के समय वैट का भुगतान करना होता है। ऐसे में अब उन्हें त्रैमासिक रिपोर्ट और मासिक रिपोर्ट दाखिल करने से छूट दी गई है।