बिहार में बड़े स्तर पर IAS अधिकारियों का तबादला, कई वरिष्ठ अफसरों को मिली नई जिम्मेदारी
IAS officers transferred on a large scale in Bihar
पटना। सम्राट चौधरी की सरकार में तबादलों का सिलसिला जारी है। एक बार फिर भारतीय प्रशासनिक सेवा के सीनियर ऑफिसरों का तबादला किया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को इसकी अधिसूचना जारी की है। इसके अनुसार राज्यपाल के सचिव रहे गोपाल मीणा को विरमित कर दिया गया है।
उन्हें भारत सरकार अंतर्गत वाणिज्यकर विभाग में नोएडा विशेष आर्थिक क्षेत्र का विकास आयुक्त बनाया गया है। राज्यपाल के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी दीपक कुमार सिंह को दी गई है।
इसके साथ ही दीपक कुमार सिंह महानिदेशक सह मुख्य जांच आयुक्त (सामान्य प्रशासन विभाग) के अतिरिक्त प्रभार में बने रहेंगे।
अरविंद चौधरी बने गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव
गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव समेत कई विभागों का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे 1995 बैच के आईएएस अरविंद कुमार चौधरी को मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग में इसी पद पर भेजा गया है।
इसके साथ ही वे बिहार राज्य संयुक्त प्रवेश परीक्षा पर्षद के परीक्षा नियंत्रक एवं बिहार कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग में अपर मुख्य सचिव डॉ. बी राजेंदर को निगरानी विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। पहले से ही वे जनशिकायत, बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी के मिशन निदेशक एवं बिपार्ड के महानिदेशक के अतिरिक्त प्रभार में हैं।
सीमा त्रिपाठी को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में अतिरिक्त प्रभार
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार को गृह विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा पहले से वे बिहार फाउंडेशन के सीईओ एवं बियाडा के प्रबंध निदेशक के अतिरिक्त प्रभार में हैं।
वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह को सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वे वाणिज्य कर, जीएसटी एवं मुख्यमंत्री सचिवालय के अतिरिक्त प्रभार में भी हैं।
बिहार मानवाधिकार आयोग की सचिव सीमा त्रिपाठी को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
सिविल विमानन विभाग के विशेष सचिव निलेश रामचंद्र देवरे को बिहार राज्य आवास बोर्ड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक इनायत खान, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के विशेष सचिव के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगी।
मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के विशेष सचिव अरविंद कुमार वर्मा को विशेष सचिव, उद्योग विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
बिहार राज्य आवास बोर्ड के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार श्रीवास्तव वित्त विभाग के अपर सचिव बनाए गए हैं।



