हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर मेनपाल कंबोडिया से गिरफ्तार: तीन बार उम्रकैद की सजा

Haryana's notorious gangster Mainpal arrested from Cambodia:
gangster Mainpal arrested: हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने झज्जर के कुख्यात गैंगस्टर मेनपाल उर्फ मेनपाल बादली को कंबोडिया से भारत लाया है। मेनपाल पर हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती समेत 22 गंभीर मामले दर्ज हैं। अदालतों ने 2007 और 2010 में तीन अलग-अलग मामलों में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
मेनपाल 2018 में हिसार जेल से परोल पर बाहर आया था। इसके बाद वह जेल नहीं लौटा और फरार हो गया। हरियाणा पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। जांच में पता चला कि उसने 2019 में 'सोनू कुमार' के नाम से फर्जी दस्तावेज बनवाए। गुरुग्राम पते पर पासपोर्ट हासिल किया और कोलकाता से बैंकॉक होते हुए कंबोडिया पहुंच गया।
कंबोडिया के सिएम रीप में उसने डिस्को चलाना शुरू किया। वहां एक स्थानीय महिला से संबंध बनाकर परिवार भी बसा लिया। आईपीएस अधिकारी वसीम अख्तर के नेतृत्व में एक विशेष टीम कंबोडिया भेजी गई। इस टीम में डीएसपी मदन सिंह और एसआई संदीप कुमार शामिल थे।
डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने एसटीएफ की इस कामयाबी पर टीम को बधाई दी है। आईजीपी एसटीएफ सतीश बालन ने इसे टीमवर्क और अथक प्रयास का नतीजा बताया है।