अंबाला में दर्दनाक हादसा: पिकअप पर तिरपाल लगा रहे युवक की ट्रक की टक्कर से मौत, साथी घायल
Tragic accident in Ambala: Youth killed after being hit by a truck
अंबाला शहर। बलदेव नगर क्षेत्र में शनिवार तड़के हुए हादसे में पिकअप पर तिरपाल बांध रहे एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चंडीगढ़ के मौली जागरा निवासी विकास ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी बीरबल के साथ पिकअप (सीएच-01-टीसी-9110) में लखनऊ से दवाइयों का सामान लेकर चंडीगढ़ लौट रहा था।
शनिवार सुबह करीब पांच बजे बलदेव नगर पुल से नीचे उतरने के बाद बारिश शुरू हो गई। दोनों ने सुल्तानपुर चौक के पास एक बिजली स्टोर के नजदीक सड़क किनारे पिकअप रोककर उस पर तिरपाल डालना शुरू किया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक (पीबी-08-सीपी-0899) ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बीरबल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि विकास के सिर और मुंह पर चोटें आईं। हादसे के बाद पिकअप सड़क किनारे लगी ग्रिल से भी टकरा गई। राहगीरों की मदद से दोनों को जिला नागरिक अस्पताल, अंबाला शहर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बीरबल को मृत घोषित कर दिया।
विकास ने बताया कि वह ट्रक और उसके नंबर को पहचानता है और चालक को सामने आने पर पहचान सकता है। पुलिस ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर मौत का कारण बनने का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।