रेवाड़ी में 97,959 मतदाताओं ने नहीं जमा किए गणना प्रपत्र, प्रारूप वोटर लिस्ट से बाहर होंगे नाम
- By Gaurav --
- Saturday, 25 Jul, 2026
Nearly 98,000 Voters Left Out of
रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अंतिम तिथि तक 97,959 मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) जमा नहीं कराए। निर्वाचन आयोग के अनुसार, जिले में कुल 7,39,338 मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त किए जाने थे, जिनमें से 6,42,049 प्रपत्र ही जमा हुए। इस प्रकार जिले में 86.84 प्रतिशत गणना प्रपत्र ही दर्ज किए जा सके।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, जिन मतदाताओं ने निर्धारित समय सीमा तक गणना प्रपत्र जमा नहीं किए हैं, उनके नाम 31 जुलाई को प्रकाशित होने वाली प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे।
सत्यापन अभियान के दौरान करीब 32 हजार ऐसे मतदाता चिन्हित किए गए, जो अपने पंजीकृत पते पर नहीं मिले। वहीं, लगभग 33 हजार मतदाता दूसरे स्थान पर स्थानांतरित पाए गए।
31 जुलाई से शुरू होगी दावा और आपत्ति प्रक्रिया
31 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद मतदाता अपने नाम, पता और अन्य विवरणों की जांच कर सकेंगे। यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत 30 अगस्त तक दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा। इसके बाद सभी संशोधनों के उपरांत 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
निर्वाचन अधिकारियों ने पात्र मतदाताओं से अपील की है कि प्रारूप सूची प्रकाशित होने के बाद अपने नाम और विवरण अवश्य जांचें तथा आवश्यकता पड़ने पर समय सीमा के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराएं।