हरियाणा में 33.84 लाख मतदाता फिलहाल वोटर लिस्ट से बाहर, 31 जुलाई से शुरू होंगे दावे-आपत्तियां
- By Gaurav --
- Saturday, 25 Jul, 2026
33.84 Lakh Voters Left Out of
हरियाणा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद 33.84 लाख मतदाता फिलहाल वोटर लिस्ट से बाहर हो गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत हुए सत्यापन में करीब 16 प्रतिशत मतदाता ऐसे पाए गए, जो अपने दर्ज पते पर नहीं मिले, दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए।
31 जुलाई से शुरू होगी दावा और आपत्ति प्रक्रिया
निर्वाचन विभाग 31 जुलाई को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित करेगा। इसके बाद 30 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त आवेदनों का निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा, जबकि सभी दावों और आपत्तियों के समाधान के बाद 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
नाम नहीं है तो भरें फॉर्म-6
यदि किसी पात्र मतदाता का नाम प्रारूप मतदाता सूची में नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकता है। वहीं, किसी नाम को हटाने या उस पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता, फोटो या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।
फरीदाबाद और गुरुग्राम सबसे अधिक प्रभावित
संभावित रूप से मतदाता सूची से बाहर होने वाले मतदाताओं की संख्या फरीदाबाद में सबसे अधिक 5.09 लाख दर्ज की गई है। इसके बाद गुरुग्राम (4.01 लाख), सोनीपत (2.44 लाख), करनाल (2.12 लाख) और पानीपत (1.89 लाख) का स्थान है।
प्रतिशत के आधार पर भी फरीदाबाद, गुरुग्राम और पंचकूला सबसे अधिक प्रभावित जिलों में शामिल हैं। वहीं मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य में फतेहाबाद, महेंद्रगढ़ और चरखी दादरी ने बेहतर प्रदर्शन किया है, जबकि गुरुग्राम, फरीदाबाद और पंचकूला अभी इस कार्य में पीछे बताए गए हैं।