HPU ने बढ़ाई कक्षाएं शुरू होने की तारीख, अब 30 जुलाई से लगेगी नियमित क्लास
- By Gaurav --
- Saturday, 25 Jul, 2026
HPU Postpones Start of Regular
शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कैंपस आधारित सभी स्नातकोत्तर एवं अन्य पाठ्यक्रमों (स्नातक को छोड़कर) की नियमित कक्षाएं अब 30 जुलाई से शुरू करने का निर्णय लिया है। पहले ये कक्षाएं 27 जुलाई से शुरू होनी थीं। इस संबंध में विश्वविद्यालय के डीन ऑफ स्टडीज प्रो. बी.के. शिवराम ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी की।
जारी निर्देशों के अनुसार, सभी शैक्षणिक विभागों और संस्थानों को 29 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया हर हाल में पूरी करनी होगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि विद्यार्थियों की संख्या कम होने की स्थिति में भी 30 जुलाई से नियमित कक्षाएं शुरू करना अनिवार्य होगा।
विश्वविद्यालय की अधिसूचना के अनुसार, 30 जुलाई से 5 अगस्त तक कुलपति विभिन्न विभागों, केंद्रों और संस्थानों का दौरा कर नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के अवसर पर शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
इसके अलावा प्रथम वर्ष और प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले सभी नए विद्यार्थियों के लिए 30 जुलाई से 5 अगस्त तक छह दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित करना अनिवार्य किया गया है। डीन ऑफ स्टडीज ने सभी विभागाध्यक्षों और निदेशकों को निर्देश दिए हैं कि इंडक्शन कार्यक्रम की पूर्व योजना बनाकर उसे शैक्षणिक समय-सारिणी में शामिल किया जाए।
बीटेक की तीसरी मेरिट सूची जारी
इसी बीच, विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (UIT) ने बीटेक के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रथम वर्ष प्रवेश के लिए तीसरी मेरिट सूची जारी कर दी है। सूची में शामिल अभ्यर्थियों को 27 जुलाई तक प्रवेश शुल्क जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा एमसीए (नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटों) सहित अन्य विभागों के विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश मेरिट सूची भी जारी कर दी गई है।