गोल्ड मेडलिस्ट पैरा एथलीट चिराग त्यागी की गोली मारकर हत्या, अपने ही साथी ने किया मर्डर
Para Athlete Chirag Tyagi Murdered In Ghaziabad
नई दिल्ली/गाजियाबाद: Para Athlete Chirag Tyagi Murdered In Ghaziabad: अंतर्राष्ट्रीय टी-12 पैरा एथलीट चिराग त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सई उपवन में चिराग़ का शव पड़ा मिला. इसके बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
दरअसल, बीते दिन यानि शनिवार को चिराग त्यागी दिल्ली स्थित अपने हॉस्टल से मुरादनगर के बसंतपुर सैंथली स्थित पैतृक निवास के लिए निकले थे. चिराग अपने माता-पिता के इकलौते संतान थे और पैरा एथलेटिक्स के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे थे. चिराग त्यागी की हत्या की खबर से उनके गांव में मातम हुआ है. फिलहाल, पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है.
मृतक के चाचा और पुलिस अधिकारी की बाइट (ETV Bharat)मिली जानकारी के मुताबिक, चिराग त्यागी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में प्रेक्टिस किया करते थे और वहीं स्थित हॉस्टल में रहते थे. अपनी कमजोरी को ताकत में तब्दील करते हुए महज़ 24 साल की उम्र में चिराग ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बनाई थी. हाल ही में बेंगलुरु के श्रीकांत रीवा स्टेडियम में आयोजित हुई आठवीं इंडियन ओपन पर एथलीट इंटरनेशनल चैंपियनशिप में चिराग त्यागी ने बेहतरीन परफॉर्मेंस देते हुए 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल हासिल किया था. जबकि 1500 मीटर में उन्हें सिल्वर मेडल मिला था. अपने प्रदर्शन के दम पर चिराग ने एशियाई पर गेम्स में जगह बना ली थी. चिराग अक्टूबर 2026 में जापान में आयोजित होने वाले एशियाई पर गेम्स के लिए प्रैक्टिस कर रहे थे.चिराग त्यागी के चाचा राजेश त्यागी ने बताया,
"छोटे भाई दीपक का फोन आता है. दीपक ने बताया कि किसी का फोन आया था उसने बताया है कि चिराग त्यागी का एक्सीडेंट हो गया है. चिराग के नंबर पर फोन किया तो किसी पुलिस वाले ने फोन उठाया. हमें बताया गया कि चिराग मृत अवस्था में मिला है. आप आ जाओ. हम महामाया स्टेडियम के पास स्थित पुलिस चौकी में पहुंचे. हमारे परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और ना ही चिराग की किसी से कोई दुश्मनी थी."
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के मुताबिक, थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत पुलिस को 30 मई 2026 को 03.00 बजे के पश्चात एक सूचना प्राप्त हुई है कि एक व्यक्ति का शव साई कुंज क्षेत्र मे पड़ा हुआ है. पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे मे लिया गया. शव की पहचान चिराग त्यागी उम्र 24 वर्ष के रुप मे हुई है जो पैरालम्पिक प्लेयर है. शव को प्रथम दृष्टया देखने से यह प्रतीत हुआ कि किसी व्यक्ति द्वारा इनकी गोली मारकर हत्या की गई है. पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति यश खटिक को हिरासत मे लिया गया. जिसने पूछताछ मे बताया कि वह भी पैरालम्पिक खिलाडी है तथा पूर्व मे चिराग त्यागी के साथ प्रेक्टिस किया करता था.
धवल जायसवाल ने आगे बताया, दोनो ब्लाइंड कैटेगरी के अन्तर्गत एथलेटिक्स मे प्रतिभाग किया करते थे. डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के सम्बन्ध मे चिराग त्यागी द्वारा इसके विरुद्व शिकायत दर्ज कराई थी. जिसके कारण इसका क्वालिफिकेशन कैंसल कर दिया गया था. इस बात से यश खटीक नाराज चल रहा था. बदला लेने के उद्देश्य से उसने पिस्टल से फायर करके चिराग त्यागी की हत्या कर दी है. पिस्टल की बरामदगी के लिए पुलिस टीमे भेज दी गई है. इस घटना मे अन्य लोगो की संलिप्तता के सम्बन्ध मे जांच की जा रही है. परिजनों से तहरीर लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है.