Gangster Sukha Duneke Killed| कनाडा में पंजाब के गैंगस्टर सुखदूल सिंह की हत्या, खालिस्तानियों से संबंध, NIA का मोस्ट वॉन्‍टेड था

भारत से तनाव के बीच कनाडा में बड़ा कांड; पंजाब के इस नामी गैंगस्टर की हत्या, ताबड़तोड़ गोलियों से छलनी किया बदन, NIA का मोस्ट वॉन्‍टेड था

Gangster Sukha Duneke Killed in Canada News Updates

Gangster Sukha Duneke Killed in Canada News Updates

Gangster Sukha Duneke Killed in Canada: भारत के साथ तनाव के बीच कनाडा से एक बड़ी खबर सामने आई है। खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर के बाद अब यहां पंजाब के नामी गैंगस्टर सुखदूल सिंह उर्फ सुक्खा दुनिके की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि, कनाडा के विन्निपेग इलाके में गैंगवार हुई। जिसमें देविंदर बांबिहा गैंग के सुखदूल सिंह को मौत के घाट उतार दिया गया। सुखदूल पर करीब 15 राउंड गोलियां बरसाईं गईं।

NIA का मोस्ट वॉन्‍टेड था गैंगस्टर सुखदूल सिंह

बताया जाता है कि, गैंगस्टर सुखदूल सिंह पंजाब के मोगा जिले का रहने वाला था। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे। सुरक्षा एजेंसियों की दबिश को देखते हुए सुखदूल साल 2017 में जाली दस्तावेजों की मदद से भारत छोड़कर कनाडा भाग गया था और तबसे कनाडा में रहकर ही आपराधिक गतिविधियां कर रहा था। सुखदूल सिंह खालिस्तान का समर्थक भी रहा और उसके कनाडा बेस्ड खालिस्तानी आतंकियों के साथ संबंध रहे। सुखदूल सिंह की तलाश भारत की NIA टीम को भी थी।

NIA ने टॉप मोस्‍ट वॉन्‍टेड लिस्‍ट में सुखदूल सिंह का नाम शामिल कर रखा था। इसके साथ ही NIA ने हाल ही में आतंकी-गैंगस्टर नेटवर्क के संबंध में कई फरार अपराधियों के नाम सहित उनकी तस्वीरें जारी की थीं। इनमें से कई अपराधी कनाडा में शरण लिए हुए हैं। एनआईए ने एक नंबर जारी कर इनके बारे में डिटेल्स देने को कहा था।

इस हत्या का आरोप भी भारत पर लगाएगा कनाडा?

इससे पहले खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या भी इसी तरह से हुई थी लेकिन कनाडा ने हत्या का आरोप भारत पर लगा दिया। इस आरोप को लेकर दोनों देशों में टकराव जारी ही था कि इसी बीच अब NIA के मोस्ट Wanted गैंगस्टर और खालिस्तान समर्थक गैंगस्टर सुखदूल सिंह की हत्या की घटना हो गई। अब क्या कनाडा इस हत्या का आरोप भी भारत पर लगाएगा?

मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब क्षेत्र और आसपास के कम से कम 29 ऐसे गैंगस्टर हैं, जो कानून के शिकंजे से बचने के लिए भारत के बाहर भागे हुए हैं। ये या तो भारतीय पासपोर्ट पर या फिर नकली-जाली यात्रा दस्तावेजों की मदद से दूसरे देश पहुंचे हैं। कई गैंगस्टर नेपाल के रास्ते भी दूसरे देश पहुंचे।

पंजाब पुलिस कर रही छापेमारी

इधर पंजाब में पुलिस का एक्शन देखने को मिल रहा है। पुलिस द्वारा राज्य में पंजाब में गैंगस्टरों और खालिस्तानी तत्वों के खिलाफ छापेमारी की जा रही है। खासकर गोल्डी बराड़ के करीबियों को पकड़ने के लिए पुलिस की खास कार्रवाई जारी है। मोगा, फिरोजपुर, तरनतारन और अमृतसर ग्रामीण में पुलिस की छापेमारी देखी जा रही है।