हरियाणा बजट सत्र का चौथा दिन: विधानसभा घेराव से पहले कांग्रेस का आरोप,नेताओं को किया हाउस अरेस्ट, कार्यालय के बाहर धारा 163 लागू

हरियाणा बजट सत्र का चौथा दिन: विधानसभा घेराव से पहले कांग्रेस का आरोप,नेताओं को किया हाउस अरेस्ट, कार्यालय के बाहर धारा 163 लागू

Fourth day of Haryana Budget Session

Fourth day of Haryana Budget Session

चंडीगढ़, 25 फरवरी (साजन शर्मा): Fourth day of Haryana Budget Session: हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन राजनीतिक माहौल गर्म चल रहा है। कांग्रेस द्वारा विधानसभा घेराव के ऐलान से पहले प्रशासन ने सख्ती बढ़ाते हुए सेक्टर-9 स्थित हरियाणा कांग्रेस कार्यालय के आसपास भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 163 लागू कर दी। चंडीगढ़ पुलिस ने कार्यालय के बाहर नोटिस भी चिपकाया और भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट किया गया है और उन्हें बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा विधानसभा में जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।

प्रश्नकाल से शुरू होगी कार्यवाही

सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल से शुरू होगी। सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायकों ने सरकार से करीब 20 सवालों के जवाब मांगे हैं। दोपहर बाद कांग्रेस द्वारा दिए गए कार्य स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा प्रस्तावित है, जिसमें भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर सरकार को घेरा जाएगा। कांग्रेस ने विशेष रूप से हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) और हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) में भर्तियों को मुद्दा बनाया है।

विधायकों के सवालों में स्थानीय मुद्दे हावी

प्रश्नकाल में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे उठेंगे, जिनमें जलभराव, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत, नशे पर नियंत्रण, ईडब्ल्यूएस सीट नियम और खिलाड़ियों के लंबित भुगतान शामिल हैं। जुलाना से विधायक विनेश फोगाट सहित कांग्रेस विधायकों ने खिलाड़ियों के बकाया भुगतान की समयसीमा तय करने का सवाल उठाया है।

 पैदल मार्च पर पहले भी हो चुका हंगामा

एक दिन पहले 24 फरवरी को कांग्रेस विधायकों ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में एमएलए हॉस्टल से विधानसभा तक पैदल मार्च निकाला था, जिस पर सदन में तीखी बहस हुई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदर्शन के लिए अलग स्थान पर जाने की बात कही थी, जबकि कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकार बताया। फिलहाल विधानसभा परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जुटने की सूचना के बीच प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।