बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यक्रम के बाद काशी टोल प्लाजा पर फायरिंग, युवक पर कार चढ़ाने का आरोप
Firing at Kashi toll plaza following a BJP Yuva Morcha event
मेरठ। Firing at Kashi toll plaza following a BJP Yuva Morcha event, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे के काशी टोल प्लाजा पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के स्वागत कार्यक्रम के बाद फायरिंग और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है।
आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर पहले कार चढ़ाने का प्रयास किया गया और फिर अवैध तमंचे से फायरिंग की गई। गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजपा की युवा शाखा) के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के आगमन पर काशी टोल प्लाजा पर स्वागत समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने और रोहित मिश्रा के वहां से रवाना होने के बाद करीब 12:30 बजे श्वेतांक त्यागी पुत्र संजय त्यागी निवासी जागृति विहार, थाना मेडिकल, मेरठ अपने साथी मनीष तोमर के साथ टोल प्लाजा पर मौजूद थे।
आरोप है कि इसी दौरान कार्यक्रम में शामिल रहे राहुल अधाना निवासी गंगानगर, अवनीश निवासी सकौती, प्रवीण शर्मा तथा मारुति फ्रॉन्क्स कार के चालक से श्वेतांक की पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कार चालक ने श्वेतांक पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। इसी दौरान राहुल अधाना ने अवैध तमंचे से फायर कर दिया। हालांकि गोली श्वेतांक को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद आरोपित कार समेत मौके से मेरठ की ओर फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपितों की तलाश में जुटी है।