भारी बारिश के कारण वैष्णो देवी यात्रा दूसरे दिन भी स्थगित, कटड़ा में फंसे हजारों श्रद्धालु
Vaishno Devi pilgrimage suspended for the second
कटड़ा। Vaishno Devi pilgrimage suspended for the second, मौसम विभाग की चेतावनी और लगातार खराब मौसम को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने सोमवार को भी यात्रा स्थगित रखने का निर्णय लिया। यात्रा बंद रहने के कारण आधार शिविर कटड़ा में करीब 15 से 20 हजार श्रद्धालु यात्रा शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने घरों की ओर लौटना शुरू कर दिया है।
यात्रा स्थगित होने के चलते शनिवार से कटड़ा में रुके कई श्रद्धालु कटड़ा रेलवे स्टेशन और बस अड्डे से अपने गंतव्य की ओर रवाना होते देखे गए। वहीं, जो श्रद्धालु अभी भी यात्रा बहाल होने की उम्मीद में कटड़ा में ठहरे हुए हैं, वे नौ देवी मंदिर, बाबा धनसर, देवामाई मंदिर तथा प्रथम पड़ाव भूमिका मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए जा रहे हैं।
दिनभर श्रद्धालु यात्रा बहाली की जानकारी लेने के लिए श्राइन बोर्ड कार्यालय और विभिन्न सूचना केंद्रों का रुख करते रहे। हालांकि मौसम की स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं होने के कारण यात्रा पुनः शुरू नहीं की जा सकी।
गौरतलब है कि मौसम विभाग ने 23 जुलाई तक क्षेत्र में भारी बारिश और खराब मौसम की संभावना जताई है। इसी के मद्देनजर श्राइन बोर्ड ने शनिवार रात एहतियात के तौर पर यात्रा स्थगित कर दी थी, जो सोमवार तक जारी रही।
पारंपरिक यात्रा मार्ग भी कई जगह हुआ भूस्खलन
रविवार देर रात हुई तेज बारिश के कारण बैटरी कार मार्ग, भैरव घाटी मार्ग तथा पारंपरिक यात्रा मार्ग के कुछ हिस्सों में आंशिक भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रभावित मार्गों को साफ करने और सुरक्षित बनाने के लिए आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन तथा सफाई कर्मचारी लगातार जुटे हुए हैं।
यात्रा बंद होने के कारण दर्शनी ड्योढ़ी, बाणगंगा, चरणपादुका, अर्धकुंवारी, भवन और भैरव घाटी क्षेत्र में सामान्य दिनों की तुलना में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि माता के दरबार में नियमित पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक अनुष्ठान जारी हैं।
सोमवार को भी मौसम पल-पल अपना रंग बदलता रहा। दिनभर त्रिकूट पर्वतमाला और आसमान में बादलों का जमावड़ा बना रहा तथा रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही।