Flood in Punjab: पंजाब में बाढ़ से 7 जिलों में तबाही: 3 लोगों की मौत, 4 लापता; 150 से अधिक गांव प्रभावित, कई इलाकों में 7 फुट तक पानी

पंजाब में बाढ़ से 7 जिलों में तबाही: 3 लोगों की मौत, 4 लापता; 150 से अधिक गांव प्रभावित, कई इलाकों में 7 फुट तक पानी

Flood in Punjab

Flood in Punjab

Flood in Punjab: पंजाब में बारिश और डैमों से छोड़े जा रहे पानी के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, फिरोजपुर और फाजिल्का जिले सबसे अधिक प्रभावित हैं। पानी के तेज बहाव में तीन लोगों की जान चली गई है। चार लोग अभी भी लापता हैं।

फिरोजपुर में 2000 से अधिक लोगों को राहत कैंपों में पहुंचाया गया है। सेना, एनडीआरएफ और पुलिस राहत कार्यों में जुटी है। कई इलाकों में 5 से 7 फुट तक पानी भर गया है। अमृतसर के अजनाला में प्रभावित गांवों की संख्या 15 से बढ़कर 25 हो गई है।

तलवाड़ा पौंग बांध का जलस्तर खतरे के निशान 1390 फीट से बढ़कर 1396 फीट तक पहुंच गया है। बीबीएमबी दोपहर 2 बजे 1 लाख 10 हजार क्यूसिक पानी ब्यास दरिया में छोड़ेगा। हिमाचल और पंजाब के गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।

रणजीत सागर बांध का जलस्तर भी 527 फीट के करीब पहुंच गया है। बांध के 4 गेट खोले गए हैं। पठानकोट-जम्मू हाईवे पर यातायात बाधित है। माधोपुर हेडवर्क्स का गेट टूट गया है। राहत की बात यह है कि आज बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। इससे रावी नदी के उफान से कुछ राहत मिल सकती है।

वहीं बता दें कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज फिरोजपुर जाएंगे। इस दौरान वह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेंगे। वे राहत केंद्र में मौजूद लोगों से मुलाकात भी करेंगे।