पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए ऊर्जा मंत्रालय का बड़ा कदम, कर्मचारियों को मिलेगा WFH और नकद इनाम
- By Gaurav --
- Friday, 15 May, 2026
Energy Ministry Launches Fuel
Narendra Modi द्वारा पेट्रोल-डीजल की बचत और विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रखने की अपील के बाद अब सरकारी विभागों ने इस दिशा में कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में Ministry of Power ने अपने कर्मचारियों के लिए कई नई योजनाओं की घोषणा की है, जिनमें नकद इनाम और वर्क फ्रॉम होम जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री Manohar Lal Khattar ने खुद सादगी और ईंधन बचत का उदाहरण पेश करते हुए अपने आधिकारिक काफिले की गाड़ियों की संख्या घटाकर केवल दो करने का फैसला लिया है।
उन्होंने नई इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के बजाय मौजूदा बेड़े की ईवी कारों का उपयोग करने और दिल्ली से बाहर की यात्राएं ट्रेन से करने का निर्णय भी लिया है।
ईंधन की खपत कम करने के लिए मंत्रालय में सोमवार से नया रोस्टर लागू किया जाएगा। इसके तहत प्रतिदिन 20 प्रतिशत कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करेंगे। हालांकि यह व्यवस्था साइट पर काम करने वाले कर्मचारियों पर लागू नहीं होगी।
इसके अलावा मंत्रालय और उससे जुड़ी सरकारी कंपनियों के अधिकारियों को निजी वाहनों की बजाय मेट्रो का अधिक इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
कर्मचारियों को कार कम चलाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु मंत्रालय ने विशेष प्रोत्साहन योजना भी शुरू की है। इसके तहत कर्मचारियों को अपनी कार का विवरण ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करना होगा और महीने की शुरुआत तथा अंत में माइलोमीटर की रीडिंग की फोटो अपलोड करनी होगी।
जिस कर्मचारी की कार सबसे कम चली होगी, उसे 500 रुपये से लेकर 2500 रुपये तक का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, इन कदमों का मुख्य उद्देश्य ईंधन की खपत कम करना, लोगों को सार्वजनिक परिवहन के प्रति जागरूक करना और विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत बनाए रखना है।