बिहार TRE-4 शिक्षक बहाली पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बड़ा बयान: "आंदोलन छोड़ तैयारी में जुटें अभ्यर्थी, जल्द आएगी नई वैकेंसी"
Education Minister Mithilesh Tiwari's big statement on Bihar
सिंहेश्वर (मधेपुरा)। बाबा सिंहेश्वरनाथ के दरबार में मंगलवार को पहुंचे बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में पूजा कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच संपन्न हुआ।
मंदिर के पुजारी कन्हैया ठाकुर एवं संजीव ठाकुर ने पूजा-पाठ संपन्न कराया। पूजा संपन्न होने के बाद शिक्षा मंत्री ने बीपीएससी शिक्षक भर्ती टीआरई-4 को लेकर बड़ा बयान दिया है।
शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट संकेत देते हुए कहा कि शिक्षक अभ्यर्थियों को आंदोलन या प्रदर्शन करने के बजाय अपनी तैयारी पर ध्यान देना चाहिए। सरकार जल्द ही नई बहाली लाने जा रही है
मालूम हो कि शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी सहयोग शिविर में शामिल होने सहरसा पहुंचे थे। इसी दौरान वह बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने मधेपुरा के सिंहेश्वर भी पहुंचे थे। पूजा के बाद मंत्री ने शिक्षक भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देने वाला बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षक अभ्यर्थियों की मांगों को गंभीरता से देख रही है और अतिशीघ्र नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अभ्यर्थी धैर्य रखें एवं अपनी पढ़ाई जारी रखें। प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं है। शिक्षक अभ्यर्थी तैयारी करें, बहुत जल्द बहाली आने वाली है। भर्ती आएगी तो परीक्षा दें और सफल होकर शिक्षक बनें।
अभ्यर्थियों के हित में लिया जाएगा निर्णय:
बीपीएससी द्वारा दो परीक्षाएं आयोजित किए जाने के सवाल पर भी शिक्षा मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। कहा, सरकार इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है एवं अभ्यर्थियों के हित में निर्णय लिया जाएगा।
शिक्षा मंत्री के इस बयान के बाद राज्यभर के लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों में उम्मीद जगी है। लंबे समय से टीआरई-4 भर्ती को लेकर अभ्यर्थी सरकार की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। अब मंत्री के बयान को भर्ती प्रक्रिया की जल्द शुरुआत के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
सिंहेश्वर न्यास के माध्यम से आरोग्य शाला बनाने की मांग:
पूजा के उपरांत भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. आभाष आनंद झा ने शिक्षा मंत्री को मिथिला पाग, अंगवस्त्र एवं भगवान परशुराम का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान डॉ. आभाष आनंद झा ने शिक्षा मंत्री के समक्ष मांग रखते हुए कहा कि जिस प्रकार महावीर मंदिर के द्वारा महावीर कैंसर संस्थान का संचालन किया जा रहा है, उसी तर्ज पर सिंहेश्वर न्यास के माध्यम से आरोग्य शाला, वेद शाला, योग शाला एवं भोज शाला का निर्माण कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम लोगों को इसका लाभ मिल सके।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री का किया अभिनंदन:
भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री स्वदेश कुमार, मधेपुरा प्रभारी दिवाकर सिंह, जिला महामंत्री विनोद सरदार, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राहुल यादव, सिंहेश्वर नगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, राम जानकी ठाकुरबाड़ी के सचिव सुधेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष संतोष मल्लिक समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री का अभिनंदन किया।
मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. शशि शेखर सम्राट, सहरसा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा, जिला महामंत्री भैरव झा, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक साह, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष संजय पाठक, मंडल अध्यक्ष देव नेहरू, सिंहेश्वर मंडल महामंत्री किशोर लेहरी, प्रिंस यादव, त्रिलोक नाथ मिश्रा, मनोज गुप्ता, राजा साह, सुभाष चौहान समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।