ED Arrests AAP MP Sanjay Singh| AAP सांसद संजय सिंह अरेस्ट; ED ने छापेमारी के बाद घर से उठाया, मनीष सिसोदिया तिहाड़ जेल में बंद

AAP सांसद संजय सिंह अरेस्ट; ED ने छापेमारी के बाद घर से उठाया, मनीष सिसोदिया पहले से ही तिहाड़ जेल में बंद

ED Arrests AAP MP Sanjay Singh

ED Arrests AAP MP Sanjay Singh in Delhi Excise Policy Case

ED Arrests AAP MP Sanjay Singh: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को ED ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले बुधवार सुबह से संजय सिंह के घर पर ईडी की छापेमारी चल रही थी। इस छापेमारी में पूछताक्ष के बाद ईडी ने संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। संजय सिंह की गिरफ्तारी दिल्ली शराब नीति और घोटाला मामले को लेकर की गई है। इस मामले की चार्जशीट में संजय सिंह का भी नाम है। मालूम रहे कि, इसी मामले में पहले से ही आप नेता और पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया तिहाड़ जेल में बंद हैं। सीबीआई ने सिसोदिया को 26 फरवरी को करीब 8 घंटे की पूछताक्ष के बाद गिरफ्तार किया था। इसके बाद ईडी ने सिसोदिया को इस मामले में नौ मार्च को गिरफ्तार किया। सिसोदिया को अब तक जमानत नहीं मिल पाई है।

प्रदर्शन कर रहे आप नेता-कार्यकर्ता

राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर आप नेता-कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। गिरफ्तारी के खिलाफ AAP कार्यकर्ता संजय सिंह के आवास के बाहर जुटे हुए हैं। आप की मंत्री अतिशी ने कहा भाजपा वालों का डर ना जाने उन्हें और कितना गिरायेगा.. चुनाव के पहले, INDIA से इनके हारने की बौखलाहट साफ़ दिख रही है। मनीष जी और सत्येन्द्र जी के बाद रेड सरकार ने बुलंदी से जनता की आवाज उठाने वाले संजय भैया को भी गिरफ़्तार कर लिया। ED का एक दफ़्तर हमारे पार्टी कार्यालय में ही क्यों नहीं खोल लेते? लगता है कि AAP पर झूठे आरोप लगाकर ही इनका गुज़ारा होता है।

वहीं संजय सिंह की गिरफ्तारी पर आप विधायक सोमनाथ भारती ने कहा, "देश में अघोषित आपातकाल है। आपातकाल का आगाज हो चुका है। भाजपा 2024 का चुनाव हार रही है, INDIA की जीत हो रही है। ये उसी की घबराहट है। संजय सिंह, मनीष सिसोदिया के खिलाफ कोई भी सबूत नहीं है। हम संघर्ष करते रहेंगे. बताया जा रहा है कि, संजय सिंह को ईडी के दफ्तर में ले जाया जाएगा। कहा जा रहा है कि आज की रात वह ईडी के लॉकअप में ही रहेंगे। मेडिकल कराए जाने के बाद उनको गुरुवार सुबह कोर्ट में पेश किया जाएगा।

संजय सिंह की गिरफ्तारी पर बीजेपी क्या बोली?

इधर, संजय सिंह की गिरफ्तारी पर बीजेपी नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यह गिरफ़्तारी इसलिए हुई है क्योंकि जिन्होंने पैसे दिए उन्होंने खुद बताया कि पैसे दिए गए हैं। संजय सिंह की गिरफ़्तारी यह दर्शाती है कि सिर्फ संजय सिंह ही नहीं बल्कि इसकी आंच अरविंद केजरीवाल तक भी जाएगी... वहीं मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि ED ने संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, आम आदमी पार्टी कह रही है कि यह राजनीतिक प्रतिशोध है। जब आपने करोड़ों रूपए रिश्वत ली, दिनेश अरोड़ा ने पैसे इकट्ठा करके संजय सिंह को दिया... जब आप करोड़ों रुपए ले रहे थे तब जेल तो जाना पड़ेगा, हिसाब तो देना पड़ेगा...