CBSE परिणामों में गड़बड़ियों पर दुष्यंत चौटाला ने उठाए सवाल, उच्चस्तरीय जांच की मांग
- By Gaurav --
- Saturday, 06 Jun, 2026
Dushyant Chautala Demands Probe
Dushyant Chautala ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणामों में कथित तौर पर सामने आ रही अनियमितताओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि मेहनती और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को व्यवस्था की खामियों का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
जननायक जनता पार्टी (JJP) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कई छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं से प्रश्न गायब पाए गए, कुछ मामलों में “NA” अंकित कर दिया गया तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी असफल घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह केवल तकनीकी त्रुटि का मामला नहीं है, बल्कि लाखों विद्यार्थियों के भविष्य और मानसिक स्थिति से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जो विद्यार्थी JEE Advanced और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें बोर्ड परीक्षा परिणामों में असफल दिखाया जाना मूल्यांकन प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों से छात्रों और अभिभावकों का भरोसा प्रभावित होना स्वाभाविक है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार और Central Board of Secondary Education प्रशासन से मांग की कि सभी संदिग्ध परिणामों और उत्तर पुस्तिकाओं की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही प्रभावित विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का निशुल्क पुनर्मूल्यांकन कराया जाए ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
उन्होंने कहा कि जिन छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं में प्रश्न गायब पाए गए हैं या जिनके परिणामों में “NA” जैसी त्रुटियां सामने आई हैं, उन्हें तत्काल राहत प्रदान की जानी चाहिए। इसके अलावा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीकी रूप से मजबूत बनाया जाना चाहिए।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि Jannayak Janata Party हमेशा विद्यार्थियों और युवाओं के अधिकारों की आवाज उठाती रही है और आगे भी छात्रों के हितों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी।