फतेहपुर कॉलोनी में डबल मर्डर: एक को गोली मारी, दूसरे पर गंडासी से हमला कर हत्या
- By Gaurav --
- Thursday, 23 Oct, 2025

Double murder in Fatehpur Colony:
Double murder in Fatehpur Colony: कैथल शहर की फतेहपुर कॉलोनी में शनिवार रात करीब 9:30 बजे प्लॉट विवाद को लेकर हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान 21 वर्षीय सुमित को गोली मार दी गई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, आरोपी मनीष पर आक्रोशित लोगों ने गंडासी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक सुमित के पिता विक्की ने बताया कि सुमित प्लंबर का काम करता था और अपने परिवार में सबसे बड़ा था। विवाद की शुरुआत मनीष द्वारा गाली-गलौज और हमले से हुई थी। घटना के समय सुमित को छाती में गोली लगी थी। गंभीर रूप से घायल सुमित को परिजन तुरंत पीजीआईएमएस रोहतक के ट्रामा सेंटर ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
दूसरी ओर, 35 वर्षीय मनीष फायर ब्रिगेड में कर्मचारी था और उसके पास लाइसेंसी रिवाल्वर थी। स्थानीय लोगों ने उस पर गंडासी से सिर और चेहरे पर वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मनीष के भाई श्याम ने बताया कि मनीष के चार बच्चे हैं और उसने हाल ही में फतेहपुर कॉलोनी में मकान बनवाया था।
दोनों परिवारों के घरों के बीच एक खाली प्लॉट है, जिसे लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी यह मामला पुरानी रंजिश और प्लॉट विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है।
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। कॉलोनी में तनाव के चलते सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है। हत्या के बाद से दोनों मृतकों के परिजन अपने घरों पर नहीं हैं।