दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, पंजाब-Delhi से 4 आरोपी गिरफ्तार
- By Gaurav --
- Sunday, 05 Jul, 2026
Delhi Police Bust ISI-Backed Terror
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) समर्थित एक आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तीन पंजाब और एक दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी दिल्ली में धार्मिक स्थलों और पुलिस प्रतिष्ठानों की रेकी कर आतंकी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में जुटे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभदीप सिंह उर्फ विशाल (23), गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि (22), साजन सिंह उर्फ हनी (28) और गगनप्रीत (24) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि ये सभी पाकिस्तान स्थित आईएसआई एजेंट शहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के संपर्क में थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी विदेशी मोबाइल नंबरों के जरिए अपने पाकिस्तानी आकाओं से संपर्क में रहते थे ताकि सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बच सकें।
स्पेशल सेल ने आरोपियों के कब्जे से एक जिगाना पिस्तौल, एक .30 बोर पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि आईएसआई एजेंट शहजाद भट्टी दिल्ली-एनसीआर में आतंकी घटना को अंजाम देने के लिए पंजाब के युवाओं की भर्ती कर रहा है। सूचना के आधार पर दिल्ली और पंजाब में संयुक्त कार्रवाई की गई।
सबसे पहले अमृतसर के मजीठा रोड से शुभदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एक अर्ध-स्वचालित पिस्तौल, पांच कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से हथियार और मादक पदार्थ मंगवाने वाले नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।
इसके बाद पंजाब से उसके दो सहयोगियों गुरजंत सिंह और साजन सिंह को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से एक जिगाना पिस्तौल, चार कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। वहीं, दिल्ली से गिरफ्तार चौथे आरोपी गगनप्रीत के मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क और इसके अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में जांच आगे बढ़ा रही है।