54 साल पुरानी 2 मंजिला बिल्डिंग ढही: मलबे में दबे सभी लोगों को निकाला, दो को सफेद कपड़े में लेकर गई एनडीआरएफ की टीम
- By Vinod --
- Saturday, 04 Jul, 2026
54-year-old two-story building collapses
54-year-old two-story building collapses- चंडीगढ़ (अर्थ प्रकाश/रंजीत शम्मी)। शनिवार को अचानक 54 साल पुरानी 2 मंजिला बिल्डिंग गिर गई। जिससे अंदर काम कर रहे बिल्डिंग मालिक और मजदूर मलबे में दब गए। इसका पता चलते ही पुलिस की टीमें तुरंत इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में पहुंची। हादसे के समय भवन में मजदूर निर्माण कार्य कर रहे थे। इमारत गिरने से सात मजदूर मलबे में दब गए, जिनमें से पांच को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो लोगों को एनडीआरएफ की टीम ने पांच घंटे बाद मलबे से निकाला जिनमें से एक की मौत हो गई है। वहीं, दूसरे की हालत नाजुक बताई जा रही है। इससे पहले शाम को मलबे से जिंदा बचे रमेश नाम व्यक्ति ने अर्थ प्रकाश से बातचीत करते हुए बताया कि हम अंदर 20 से 25 लोग थे। शाम करीब 4.20 बजे अचानक भूकंप जैसा झटका लगा और बिल्डिंग नीचे गिर गई। जिसमें सारे लोग दब गए। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए तुरंत एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई। जिसके बाद जेसीबी के जरिए पहले लेंटर हटाया गया।

टाइमलाइन
४.२० पर गिरी बिल्डिंग
४.४५ बजे पहुंची पुलिस टीम
५.१० के आसपास पांच लोगों को मलबे से निकाला गया
७.२० पर एनडीआरएफ की टीम ने संभाला मोर्चा
९.३० पर छठा व्यक्ति मलबे से निकाला
९.४५ पर सातवां व्यक्ति मलबे से निकाली
९.५० पर एनडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म किया

बिल्डिंग 1972 की अलॉटमेंट
जानकारी के अनुसार, यह बिल्डिंग 1972 की अलॉटमेंट है। उसी दौरान इसका निर्माण हुआ था। यह पूरी तरह से कॉमर्शियल थी। करीब 15 दिन पहले ही इसको किराए पर लिया गया था। अभी काम चल रहा था। दो दिन से बारिश हो रही थी। इस वजह से अचानक सीलन होने से इमारत गिरी है। जो लोग अंदर फंसे हुए हैं, उनका नाम तरुण कौशिक और तरुण जैन है, जो यूपी के मेरठ के रहने वाले हैं। इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एमपीएस चावला ने कहा- यह बिल्डिंग काफी पुरानी थी। इंडस्ट्रियल एरिया के प्लॉट नंबर 28/9 में बनी इस बिल्डिंग में स्क्रैप का काम चल रहा था। बिल्डिंग पुरानी होने की वजह से ही उसकी छत गिरी है।
