शर्मा जी की चाय की चुस्की के साथ 2027 का सियासी संदेश...BJP चीफ नितिन नवीन ने वीडियो शेयर किया

BJP Nitin Nabin Meeting

BJP Nitin Nabin Meeting

लखनऊ: BJP Nitin Nabin Meeting: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपने दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर हैं. दूसरे दिन रविवार को उन्होंने अपने दिन की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ चाय पर चर्चा से शुरू की. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पूर्व प्रदेश अध्यक्षों की मेहनत को सराहा. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के परिप्रेक्ष्य में कई सारी अहम जानकारियां हासिल कीं. 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के लिए उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ रणनीति बनाई. इस मौके पर उनके साथ प्रभारी बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे.

नितिन नबीन ने पार्टी कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व वर्तमान में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व वर्तमान में कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व वर्तमान राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेई मौजूद रहे.

इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के सभी पूर्व अध्यक्षों से बात की. आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जातीय समीकरण को साधने के साथ ही किस तरह की रणनीति पर काम करना है, इसके बारे में भी विमर्श किया. सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्षों ने अपने-अपने कार्यकाल के दौरान जो भी रणनीति अपनाई, उसके बारे में भी बात की. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को वर्तमान टीम के साथ एकजुट होकर काम करने और एक बार फिर 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लिए पुरजोर तरीके से जुटने का आह्वान किया.

इस मीटिंग के बाद लखनऊ के एक बड़े होटल में एनडीए के सहयोगी दलों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मीटिंग करने पहुंचे. यहां पर उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मौजूद रहे. बीजेपी के सहयोगी दलों में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, अपना दल (सोनेलाल) की तरफ से कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल और राष्ट्रीय लोक दल की तरफ से महासचिव त्रिलोक त्यागी इस मीटिंग में मौजूद रहे. भारतीय जनता पार्टी की तरफ से कई अन्य नेता भी मीटिंग में पहुंचे.

इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सभी सहयोगी दलों के नेताओं से बात की. उन्होंने कहा कि जिस तरह की एकजुटता अभी तक आपस में बरकरार है, यही एकता आगामी विधानसभा चुनाव में भी बरकरार रहेगी. सीटों को लेकर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ सहयोगी दलों के नेताओं की चर्चा हुई. इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भरोसा दिया कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी सहयोगी दल के साथ अन्याय नहीं होने देगी. सभी को उनके हिस्से की सीटें जरूर मिलेंगी. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 2027 में भी हम सब मिलकर उत्तर प्रदेश में मजबूत सरकार बनाएंगे.

बता दें कि, इससे पहले शनिवार को देश की राजधानी नई दिल्ली से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन रवाना हुए. लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर पहुंचते ही उनके स्वागत कार्यक्रम का दौर शुरू हो गया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम समेत तमाम कैबिनेट मंत्री और भाजपा के बड़े नेता स्वागत के लिए पहुंचे. बीजेपी कार्यालय तक पहुंचने उन्हें कई घंटे लग गए. सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा. बीजेपी कार्यालय पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत हुआ. यहां पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा की. इसके बाद देर शाम लखनऊ की एक मशहूर चाय की दुकान पर भाजपा नेताओं के साथ चाय और बन मस्का का भी स्वाद लेने पहुंचे. शाम को उन्होंने मशहूर इतिहासकार डॉ.विद्या बिंदु सिंह के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की. मुख्यमंत्री आवास पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की.