बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की गिनती पर उठे सवाल, BKTC ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश
- By Gaurav --
- Sunday, 05 Jul, 2026
Probe Ordered into Alleged
देहरादून: उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बीच अब उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध श्री बद्रीनाथ धाम में भी दान और चढ़ावे की गणना में कथित अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर मामला चर्चा में आने और औपचारिक शिकायत मिलने के बाद श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
मामले की शुरुआत 3 जुलाई को हुई शिकायत से हुई, जिसे भैरव सेना के संस्थापक अध्यक्ष संदीप खत्री ने BKTC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सोहन सिंह रांगड़ को भेजा। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की गणना के दौरान कथित रूप से हेराफेरी की गई। शिकायतकर्ता ने मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
BKTC के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच समिति गठित कर दी गई है। संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया गया कि आरोपों में घिरा व्यक्ति BKTC अध्यक्ष का निजी सचिव है। इस पर हेमंत द्विवेदी ने सफाई देते हुए कहा कि संबंधित व्यक्ति उनका निजी सचिव नहीं, बल्कि मंदिर समिति का नियमित कर्मचारी है। उन्होंने कहा कि तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
BKTC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि जांच समिति CCTV फुटेज, उपलब्ध दस्तावेजों और संबंधित कर्मचारियों एवं अन्य पक्षों के बयानों के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता या चोरी के प्रमाण मिलते हैं तो श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अधिनियम, 1939 और कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत दोषियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।